राजनांदगांव।सोन कुमार सिन्हा - छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय सोमवार दोपहर 12 बजे राजनांदगांव पहुंचकर स्टेट हाई स्कूल परिसर में आयोजित प्रगतिशील किसान सम्मेलन में शामिल होंगे। मुख्यमंत्री के आगमन को लेकर जिला प्रशासन ने तैयारियां पूरी कर ली हैं। सम्मेलन में प्रदेशभर से प्रगतिशील किसान, कृषि विशेषज्ञ, जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में कृषि क्षेत्र से जुड़े लोग शामिल होंगे। यह सम्मेलन किसानों की नवाचार आधारित खेती, आधुनिक कृषि तकनीकों और सफल कृषि मॉडल को बढ़ावा देने के उद्देश्य से आयोजित किया जा रहा है। मुख्यमंत्री सम्मेलन के दौरान किसानों से सीधा संवाद करेंगे और राज्य सरकार द्वारा संचालित किसान हितैषी योजनाओं, कृषि विकास और खेती को लाभकारी बनाने के प्रयासों की जानकारी देंगे। साथ ही प्रगतिशील किसानों के अनुभवों को साझा कर अन्य किसानों को नई तकनीकों को अपनाने के लिए प्रेरित किया जाएगा। कार्यक्रम में कृषि से संबंधित प्रदर्शनी, आधुनिक उपकरणों और उन्नत खेती के मॉडल भी आकर्षण का केंद्र रहेंगे। कृषि उत्पादन बढ़ाने, तकनीकी जानकारी के विस्तार और किसानों की आय में वृद्धि को लेकर विभिन्न विषयों पर चर्चा होने की संभावना है। मुख्यमंत्री के दौरे को देखते हुए सुरक्षा, यातायात और अन्य व्यवस्थाओं को लेकर प्रशासन पूरी तरह अलर्ट है। अधिकारियों ने कार्यक्रम स्थल का निरीक्षण कर सभी तैयारियों को अंतिम रूप दे दिया है, ताकि आयोजन सुचारु रूप से संपन्न हो सके। मुख्यमंत्री का यह दौरा राजनांदगांव जिले के लिए महत्वपूर्ण माना जा रहा है। किसानों का मानना है कि ऐसे आयोजनों से उन्हें नई कृषि तकनीकों, सरकारी योजनाओं और बदलते कृषि परिदृश्य की उपयोगी जानकारी मिलती है। सम्मेलन में बड़ी संख्या में किसान, जनप्रतिनिधि, अधिकारी और नागरिकों की उपस्थिति रहने की संभावना है।
Loading...

