डोंगरगढ़ ( अंकित महोबिया ) खालसा पब्लिक स्कूल, डोंगरगढ़ में पढ़ाई के दौरान एक छात्र के साथ मारपीट का गंभीर मामला सामने आया है। इस घटना में छात्र की सुनने की शक्ति स्थायी रूप से प्रभावित होने की बात सामने आई है। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए एक शिक्षिका को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि दूसरी आरोपी शिक्षिका अब भी फरार है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, प्रार्थी सुधाकर सहारे (49 वर्ष), निवासी मिसीया बाड़ा, डोंगरगढ़ ने थाना डोंगरगढ़ में रिपोर्ट दर्ज कराई कि उनका पुत्र सार्थक सहारे, कक्षा 7वीं का छात्र, दिनांक 02 जुलाई 2025 को अपने स्कूल गया था। कक्षा के दौरान क्लास टीचर नम्रता साहू ने छात्रों को एस.एस.टी. की पुस्तक निकालने को कहा। पुस्तक निकालने में थोड़ी देरी होने पर शिक्षिका नाराज हो गई और इंचार्ज शिक्षिका प्रियंका सिंह से शिकायत की। इसके बाद इंचार्ज शिक्षिका प्रियंका सिंह एवं नम्रता साहू कक्षा में पहुंचीं, जहां प्रियंका सिंह ने छात्र के दोनों कानों पर हाथ से मारपीट की। इस घटना से छात्र के कानों को गंभीर चोट पहुंची और उसकी सुनने की शक्ति स्थायी रूप से प्रभावित हो गई। मामले में थाना डोंगरगढ़ पुलिस ने अपराध क्रमांक 574/2025 के तहत धारा 117(2), 117(3) एवं 3(5) भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) के अंतर्गत अपराध दर्ज कर विवेचना प्रारंभ की। जांच के दौरान पर्याप्त साक्ष्य मिलने पर आरोपी इंचार्ज शिक्षिका प्रियंका सिंह (45 वर्ष), निवासी केदारबाड़ी वार्ड क्रमांक 03, डोंगरगढ़ को दिनांक 11 अप्रैल 2026 को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया है।पुलिस अधीक्षक सुश्री अंकिता शर्मा के निर्देश, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कीर्तन राठौर के मार्गदर्शन एवं एसडीओपी केशरी नंदन नायक के पर्यवेक्षण में की गई कार्रवाई में यह सफलता मिली। वहीं, सह-आरोपी क्लास टीचर नम्रता साहू फरार है, जिसकी तलाश जारी है।
Loading...

