छुईखदान/ अंकित महोबिया - मेडिसिन कंपनी में निवेश कर कम समय में रकम दोगुनी करने का झांसा देकर 12 लाख 50 हजार रुपये की ठगी करने वाले दो आरोपियों को जिला केसीजी पुलिस ने गिरफ्तार किया है। पुलिस महानिरीक्षक राजनांदगांव रेंज बालाजी राव के मार्गदर्शन में पुलिस टीम ने लगातार 30 घंटे तक अभियान चलाकर यह सफलता हासिल की। पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार प्रार्थी रेखचंद जंघेल (28 वर्ष), निवासी ग्राम बोरई, थाना छुईखदान ने शिकायत दर्ज कराई थी कि आरोपी सुखविंदर सिंह कडियाला एवं हुलास कुमार साहू ने मेडिसिन कंपनी में निवेश कराने, पैसा दोगुना करने और दवा बिक्री पर 30 प्रतिशत कमीशन दिलाने का लालच देकर उससे कुल 12.50 लाख रुपये की ठगी की। यह ठगी 17 मई 2021 से 13 जनवरी 2022 के बीच की गई। मामले में थाना छुईखदान में 03 फरवरी 2025 को अपराध क्रमांक 41/2025 धारा 420, 34 भादवि के तहत प्रकरण दर्ज कर विवेचना शुरू की गई थी। ठगी के बाद दोनों आरोपी नाम-पता बदलकर फरार हो गए थे और पुलिस को गुमराह करने का प्रयास कर रहे थे। तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर पुलिस टीम ने आरोपियों सुखविंदर सिंह कडियाला (42 वर्ष), निवासी सेक्टर-07 भिलाई, जिला दुर्ग एवं हुलास कुमार साहू (29 वर्ष), निवासी ग्राम बोरई को हिरासत में लेकर पूछताछ की, जिसमें दोनों ने अपराध स्वीकार किया। 05 फरवरी 2026 को दोनों आरोपियों को विधिवत गिरफ्तार किया गया। आरोपी हुलास कुमार साहू को पुलिस अभिरक्षा में रखा गया है, वहीं आरोपी सुखविंदर सिंह कडियाला को न्यायालय में पेश करने के बाद न्यायिक रिमांड पर उपजेल भेज दिया गया। पुलिस मामले की आगे जांच कर रही है।
Loading...

