खैरागढ़। छत्तीसगढ़ विधानसभा में वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए प्रस्तुत ₹1,72,000 करोड़ के बजट को वरिष्ठ भाजपा नेता घम्मन साहू ने प्रदेश की 25 वर्षों की विकास यात्रा को नई दिशा देने वाला ऐतिहासिक बजट बताया है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व और वित्त मंत्री ओपी चौधरी द्वारा प्रस्तुत यह बजट “समृद्ध किसान, सशक्त युवा, सुरक्षित महिला और विकसित छत्तीसगढ़” के संकल्प को नई ऊर्जा प्रदान करेगा। घम्मन साहू ने कहा कि डबल इंजन सरकार का यह बजट अंत्योदय के संकल्प से सिद्धि की यात्रा को गति देने वाला है। बजट का मूल मंत्र SANKALP—समावेशी विकास, अधोसंरचना, निवेश, कुशल मानव संसाधन, अंत्योदय, आजीविका और पॉलिसी से परिणाम तक—प्रदेश के सर्वांगीण विकास की स्पष्ट रूपरेखा प्रस्तुत करता है। उन्होंने कहा कि इस बजट में किसानों, युवाओं, महिलाओं, श्रमिकों और मध्यम वर्ग को सर्वोच्च प्राथमिकता दी गई है। कृषि एवं किसान कल्याण के लिए ₹13,507 करोड़, पंचायत एवं ग्रामीण विकास के लिए ₹16,560 करोड़ तथा स्कूल शिक्षा विभाग के लिए सर्वाधिक ₹22,360 करोड़ का प्रावधान किया गया है। महिलाओं के आर्थिक सशक्तिकरण हेतु महतारी वंदन योजना के लिए ₹8,200 करोड़, सक्षम आंगनबाड़ी एवं पोषण के लिए ₹2,320 करोड़ तथा विभिन्न महिला योजनाओं के लिए विशेष बजट प्रावधान किए गए हैं। घम्मन साहू ने बताया कि युवाओं को रोजगार और स्वरोजगार से जोड़ने, प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी हेतु आर्थिक सहयोग, स्टार्टअप और कौशल विकास को बढ़ावा देने के ठोस प्रावधान किए गए हैं। 18 वर्ष पूर्ण करने वाली बालिकाओं को डेढ़ लाख रुपये देने की घोषणा को उन्होंने ऐतिहासिक निर्णय बताया। स्वास्थ्य क्षेत्र में रायपुर में 200 बिस्तर अस्पताल, मनेंद्रगढ़-चिरमिरी में जिला अस्पताल, 25 डायलिसिस केंद्र, 50 जन औषधि केंद्र, राज्य का पहला होम्योपैथी कॉलेज तथा स्टेट कैंसर इंस्टीट्यूट की स्थापना जैसे प्रावधानों को उन्होंने जनस्वास्थ्य के लिए महत्वपूर्ण बताया। जनजातीय क्षेत्रों के विकास के लिए पीएम जनमन योजना (₹720 करोड़), धरती आबा जनजातीय ग्राम उत्कर्ष अभियान (₹200 करोड़) सहित अनेक योजनाओं को उन्होंने आदिवासी अंचलों के सशक्तिकरण की दिशा में ठोस कदम बताया। घम्मन साहू ने बताया कि बजट में पंडरिया विधानसभा क्षेत्र को भी कई महत्वपूर्ण स्वीकृतियां मिली हैं। कुण्डा पीएचसी का सीएचसी में उन्नयन, पंडरिया में नालंदा लाइब्रेरी परिसर, शासकीय महाविद्यालय कुण्डा एवं कुई कुकदुर के लिए नवीन भवन निर्माण, 100 किलोमीटर से अधिक सड़कों का निर्माण तथा सुतियापाट जलाशय के सतही स्त्रोत विस्तार जैसे कार्य क्षेत्रीय विकास को नई गति देंगे। उन्होंने कहा कि सरकार द्वारा शुरू किए जा रहे पांच प्रमुख मिशन—मुख्यमंत्री एआई मिशन, पर्यटन विकास मिशन, खेल उत्कर्ष मिशन, अधोसंरचना मिशन एवं स्टार्टअप-निपुण मिशन—प्रदेश को आत्मनिर्भर और आधुनिक बनाने की दिशा में मील का पत्थर साबित होंगे। अंत में घम्मन साहू ने कहा कि यह बजट सामाजिक न्याय, सुशासन और पारदर्शिता पर आधारित है तथा प्रदेश के हर वर्ग और क्षेत्र के समुचित विकास को सुनिश्चित करेगा। उन्होंने मुख्यमंत्री और वित्त मंत्री के प्रति आभार व्यक्त करते हुए इसे जनता की आकांक्षाओं का प्रतिबिंब बताया।
Loading...

