डोंगरगढ़। सोन कुमार सिन्हा - शहर में बीती रात एक दर्दनाक सड़क हादसे में दो युवकों की मौके पर ही मौत हो गई। प्राप्त जानकारी के अनुसार दोनों युवक मोटरसाइकिल से डोंगरगढ़ से राजनांदगांव की ओर जा रहे थे। इसी दौरान ग्राम राका के पास उनकी तेज रफ्तार बाइक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे स्थित एक ऊंची दीवार से जा भिड़ी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दोनों युवकों ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया। हादसे में मोटरसाइकिल के परखच्चे उड़ गए। आसपास के लोगों ने घटना की सूचना तत्काल पुलिस को दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच शुरू कर दी। दोनों शवों को पंचनामा कार्रवाई के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। मृतक दोनों युवक कालका पारा निवासी बताए जा रहे हैं। हादसे की खबर मिलते ही मोहल्ले में शोक की लहर फैल गई है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।
Loading...

