छुईखदान।अंकित महोबिया - थाना क्षेत्र में इन दिनों कानून व्यवस्था को लेकर चर्चाएं तेज हो गई हैं। हाल ही में थाना प्रभारी के स्थानांतरण के बाद क्षेत्र में नशा एवं सट्टा जैसे अवैध गतिविधियों के दोबारा सक्रिय होने की आशंकाएं व्यक्त की जा रही हैं। स्थानीय नागरिकों द्वारा इस संबंध में चिंता जताई जा रही है। जानकारी के अनुसार पूर्व थाना प्रभारी के कार्यकाल में इन गतिविधियों पर काफी हद तक नियंत्रण की बात कही जा रही थी। वहीं वर्तमान में कुछ स्थानों पर गांजा बिक्री नशाखोरी एवं सट्टा संचालन जैसी गतिविधियों के फिर से बढ़ने की शिकायतें सामने आ रही हैं। हालांकि इन मामलों की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। स्थानीय लोगों का कहना है कि कुछ असामाजिक तत्वों की सक्रियता से क्षेत्र में माहौल प्रभावित हो रहा है। विशेषकर देर रात कुछ स्थानों पर युवकों द्वारा हुड़दंग किए जाने की शिकायतें भी मिली हैं जिससे आमजन में असहजता की स्थिति बन रही है। इस संबंध में पुलिस अधीक्षक लक्ष्य शर्मा ने बताया कि थाना प्रभारी का स्थानांतरण प्रशासनिक प्रक्रिया का हिस्सा है और नए थाना प्रभारी की पदस्थापना कर दी गई है। उन्होंने कहा कि क्षेत्र में कानून व्यवस्था बनाए रखना प्राथमिकता है तथा नशा एवं सट्टा जैसे अवैध कार्यों पर सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं। किसी भी प्रकार की अवैध गतिविधि पाए जाने पर विधि अनुसार कार्रवाई की जाएगी।
Loading...

