छुईखदान - अंकित महोबिया - महिला एवं बाल विकास विभाग तथा स्कूल शिक्षा विभाग के संयुक्त तत्वावधान में परियोजना छुईखदान अंतर्गत बाल मैत्री (Buddy-Buddy) कार्यक्रम का सफल आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य आंगनबाड़ी केन्द्रों के 4 से 6 वर्ष आयु वर्ग के बच्चों को विद्यालयीन वातावरण से परिचित कराना और उनमें आत्मविश्वास, सहयोग एवं सामाजिक समायोजन की भावना विकसित करना रहा। निर्धारित कार्यक्रम के तहत आंगनबाड़ी केन्द्रों के बच्चों को नजदीकी प्राथमिक शालाओं का भ्रमण कराया गया। इस दौरान बच्चों को विद्यालय परिसर, कक्षाओं और विभिन्न शैक्षणिक गतिविधियों से अवगत कराया गया। साथ ही कक्षा पहली के शिक्षक और विद्यार्थियों से उनका परिचय कराया गया, जिससे बच्चों में स्कूल को लेकर सहजता विकसित हो सके। कार्यक्रम में आंगनबाड़ी और स्कूल के बच्चों के बीच संयुक्त रूप से खेल, कहानी, चित्रकला और समूह गतिविधियों का आयोजन किया गया। इन गतिविधियों ने बच्चों में सीखने के प्रति उत्साह बढ़ाया और विद्यालय के प्रति सकारात्मक दृष्टिकोण विकसित किया। कार्यक्रम के सफल संचालन में शिक्षकों की अहम भूमिका रही, जिन्होंने पूर्व तैयारी, गतिविधियों की निगरानी और बच्चों के लिए सुरक्षित वातावरण सुनिश्चित किया। वहीं आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं ने बच्चों के साथ रहकर उनका मार्गदर्शन किया और सहयोग प्रदान किया। इस पहल में अभिभावकों को भी जोड़कर उन्हें जागरूक किया गया।परियोजना अधिकारी सुनील बंजारे ने कार्यक्रम की सराहना करते हुए इसे बाल विकास और प्रारंभिक शिक्षा को मजबूत करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम बताया।
Loading...

