खैरागढ़ । जिले के ठेलकाडीह थाना पुलिस ने अवैध शराब के खिलाफ कार्रवाई करते हुए एक युवक को गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से 50 पौवा अंग्रेजी शराब और परिवहन में प्रयुक्त मोटरसाइकिल जब्त की गई है। पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार 12 मार्च 2026 की रात करीब 12 बजे मुखबिर से सूचना मिली कि एक व्यक्ति बजाज पल्सर मोटरसाइकिल क्रमांक CG 08 BA 0441 में बोरी में शराब रखकर मोहरा से सिरसाही की ओर ले जा रहा है। सूचना पर ठेलकाडीह पुलिस ने ग्राम सिरसाही पुरानापारा के प्रवेश द्वार के पास नाकाबंदी की। इस दौरान बताए अनुसार मोटरसाइकिल सवार युवक को रोककर पूछताछ की गई। युवक ने अपना नाम धर्मेन्द्र वर्मा (25 वर्ष), पिता मंजीर वर्मा, निवासी ग्राम सिरसाही थाना ठेलकाडीह बताया। उसके पास रखी हरे रंग की प्लास्टिक बोरी की तलाशी लेने पर उसमें जम्मू स्पेशल, एमडी ब्लेंडेड, सेंडिकेट, आइकॉन प्रीमियम, बाचे टू गोवा और सुपर जिल्सन फाइन ब्रांड की कुल 50 पौवा (180-180 मिली) अंग्रेजी शराब बरामद हुई, जिसकी कुल मात्रा 9 बल्क लीटर और कीमत लगभग 6000 रुपये बताई गई। आरोपी से शराब परिवहन के संबंध में वैध दस्तावेज मांगे जाने पर वह कोई कागजात प्रस्तुत नहीं कर सका। इसके बाद पुलिस ने शराब और मोटरसाइकिल जब्त कर आबकारी अधिनियम की धारा 34(2) के तहत अपराध क्रमांक 45/26 दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया. पुलिस ने आरोपी को शुक्रवार को न्यायालय में पेश कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।
Loading...

