
खैरागढ़ । ग्राम रीवागहन में बीते 20 मार्च की देर रात एक आगजनी की घटना में एक परिवार को भारी नुकसान उठाना पड़ा। प्राप्त जानकारी के अनुसार शिकायतकर्ता उत्तम वर्मा (55 वर्ष) ने थाना में रिपोर्ट दर्ज कराई है कि 20 मार्च की रात करीब 1:30 बजे उनके घर से लगे कोठार के पैरावट में अज्ञात कारणों से आग लग गई। आग की लपटें तेजी से फैल गईं जिसके बाद तत्काल फायर ब्रिगेड और डायल 112 की मदद से आग पर काबू पाया गया। हालांकि तब तक काफी नुकसान हो चुका था। आगजनी में घर में खड़ी मोटरसाइकिल (CG 08 S 3364) जलकर खाक हो गई वहीं दो गाय गंभीर रूप से झुलस गईं। इसके अलावा मसूर की लगभग 10 कट्टे (6 + 4) सहित कोठार की छपरी भी पूरी तरह जल गई।

पीड़ित के अनुसार इस हादसे में लगभग 1 लाख 5 हजार रुपये का नुकसान हुआ है। घटना की सूचना 21 मार्च को दर्ज की गई जिसके बाद पुलिस ने मामला कायम कर जांच शुरू कर दी है। साथ ही संबंधित अधिकारियों को भी सूचना प्रेषित कर दी गई है। फिलहाल आग लगने के कारणों का पता नहीं चल सका है और पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।


