खैरागढ़। इंदिरा कला संगीत विश्वविद्यालय में प्रभारी कुलसचिव डॉ. सौमित्र तिवारी के कार्यमुक्त होते ही विश्वविद्यालय की प्रशासनिक व्यवस्था में उल्लेखनीय तेजी देखने को मिल रही है. सह–प्राध्यापक श्री वेंकट रमन गुड़े ने कुलसचिव का कार्यभार संभालते ही लंबित मामलों पर त्वरित कार्यवाही प्रारंभ कर दी है. कार्यभार ग्रहण करने के पहले ही दिन कुलसचिव कार्यालय में लंबित 100 से अधिक फाइलों को आवश्यक कार्यवाही हेतु संबंधित विभागों को अग्रेषित किया गया. इसके साथ ही विश्वविद्यालय के विभिन्न विभागों में भी कार्यों की गति तेज होती नजर आ रही है. बताया जा रहा है कि कुलसचिव कार्यालय की अलमारियों के खुलने पर और भी कई लंबित फाइलें सामने आने की संभावना है. उल्लेखनीय है कि बीते कई महीनों से कुलसचिव कार्यालय में बड़ी संख्या में फाइलें लंबित थीं, जिन पर कोई ठोस कार्यवाही नहीं हो पा रही थी। इससे कर्मचारियों में असंतोष का माहौल बना हुआ था. वेंकट रमन गुड़े द्वारा कार्यभार संभालने के बाद प्रशासनिक प्रक्रिया में सक्रियता आई है, जिससे कर्मचारियों में संतोष और उत्साह का वातावरण देखने को मिल रहा है. कुलपति के मार्गदर्शन में विश्वविद्यालय हित में निरंतर कार्य किया जा रहा है. साथ ही कर्मचारियों की मांगों के शीघ्र निराकरण हेतु आवश्यक कार्यवाही भी लगातार की जा रही है.
Loading...

