
खैरागढ़। आयुष्मान कार्ड अपडेट कराने के नाम पर ग्रामीणों से ठगी करने वाले तीन शातिर आरोपियों को खैरागढ़ पुलिस ने गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है। आरोपी खुद को कलेक्टर कार्यालय का अधिकारी बताकर गांव-गांव घूमते थे और सरकारी योजना का लाभ दिलाने का झांसा देकर प्रत्येक व्यक्ति से ₹50 की अवैध वसूली करते थे। पुलिस के अनुसार, थाना खैरागढ़ में अपराध क्रमांक 282/2026 के तहत धारा 318(4), 319(2) एवं 3(5) भारतीय न्याय संहिता (BNS) के अंतर्गत मामला दर्ज किया गया। जांच में पता चला कि आरोपियों ने किसी भी ग्रामीण का आयुष्मान कार्ड अपडेट नहीं किया, बल्कि सरकारी अधिकारी बनकर भोले-भाले लोगों से पैसे ऐंठते रहे। विवेचना के दौरान आरोपियों के मेमोरेंडम के आधार पर घटना में इस्तेमाल कंप्यूटर सेट और मोबाइल फोन जब्त किए गए। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि आरोपियों ने जिले के अन्य क्षेत्रों में भी इसी तरह की ठगी की है या नहीं। गिरफ्तार आरोपी में शम्मी सिंह ठाकुर उर्फ मोनू सिंह ठाकुर 35 वर्ष निवासी भिलाई, शुभलायक सिंह ठाकुर 35 वर्ष निवासी पटेवा, जिला राजनांदगांव, गोपी निषाद 35 वर्ष निवासी पुलगांव, जिला दुर्ग तीनों आरोपियों को न्यायालय में पेश किए जाने के बाद न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।
