खैरागढ़। शहर के आदित्य लॉज में मैनेजर से मारपीट चाकू दिखाकर रंगदारी मांगने और जान से मारने की धमकी देने वाले दो आरोपियों को खैरागढ़ पुलिस ने महज 24 घंटे के भीतर गिरफ्तार कर सलाखों के पीछे पहुंचा दिया। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से वारदात में इस्तेमाल किया गया चाकू भी बरामद किया है। पुलिस के अनुसार 21 जून की शाम करीब 3:45 बजे आदित्य लॉज के मैनेजर नितेश यादव उर्फ राजा यादव काउंटर पर बैठे थे। इसी दौरान भोला उर्फ भोजराज पटेल तुरकारीपारा और बाउ उर्फ पवन चन्द्राकर नया बस स्टैंड के पीछे लॉज पहुंचे और पैसों की मांग करने लगे। विरोध करने पर दोनों ने गाली-गलौज शुरू कर दी। आरोप है कि पवन चन्द्राकर ने चाकू लहराकर मैनेजर को डराया जबकि भोजराज पटेल ने हाथ-मुक्कों से मारपीट की। दोनों ने जान से मारने की धमकी भी दी। पीड़ित की शिकायत पर थाना खैरागढ़ में अपराध क्रमांक 246/2026 दर्ज कर भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की विभिन्न धाराओं तथा आर्म्स एक्ट के तहत मामला कायम किया गया।मामले की गंभीरता को देखते हुए खैरागढ़ पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए 22 जून को दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपी पवन चन्द्राकर के कब्जे से घटना में प्रयुक्त चाकू भी बरामद किया। आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश किया गया जहां से उन्हें न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया।
Loading...

