राजनांदगांव । सोन कुमार सिन्हा - आगामी पंचायत चुनाव, पर्व-त्योहार और संभावित संवेदनशील परिस्थितियों को देखते हुए राजनांदगांव पुलिस पूरी तरह अलर्ट मोड में आ गई है। जिले की कानून व्यवस्था को और मजबूत बनाने के लिए पुलिस अधीक्षक सुश्री अंकिता शर्मा ने बुधवार को जिले के सभी राजपत्रित अधिकारियों, थाना प्रभारियों और शाखा प्रभारियों की लंबी एवं अहम समीक्षा बैठक ली। बैठक में कानून व्यवस्था, विज़िबल पुलिसिंग, त्वरित रिस्पांस, सोशल मीडिया मॉनिटरिंग और संवेदनशील क्षेत्रों की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सख्त निर्देश दिए गए। एसपी अंकिता शर्मा ने साफ कहा कि किसी भी प्रकार की अव्यवस्था, अफवाह या विवाद की स्थिति में पुलिस तत्काल मौके पर पहुंचे और बिना देरी प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करे। बैठक में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कीर्तन राठौर, एसडीओपी डोंगरगढ़, एसडीओपी डोंगरगांव, डीएसपी हेडक्वार्टर, डीएसपी ऑपरेशन सहित जिले के सभी थाना प्रभारी मौजूद रहे।
केस स्टडी से समझाया कानून व्यवस्था का प्रबंधन
बैठक की खास बात यह रही कि पूर्व में हुई संवेदनशील घटनाओं को “केस स्टडी” के रूप में प्रस्तुत कर थाना प्रभारियों और फील्ड ऑफिसर्स को व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया गया। एसपी ने अधिकारियों को बताया कि किसी भी तनावपूर्ण स्थिति का पूर्वानुमान कैसे लगाया जाए, मौके पर त्वरित निर्णय कैसे लिया जाए और प्रभावी पुलिस रिस्पांस किस तरह सुनिश्चित किया जाए।
10-15 मिनट में पहुंचेगी क्विक रिस्पांस टीम
एसपी अंकिता शर्मा ने जिले में गठित “लॉ एंड ऑर्डर क्विक रिस्पांस टीम” की कार्यप्रणाली की भी समीक्षा की। उन्होंने बताया कि करीब एक माह पहले गठित यह टीम पुलिस लाइन और एसपी कार्यालय में हमेशा रेडी मोड में रहती है। किसी भी कानून व्यवस्था की स्थिति बनने पर टीम शहर क्षेत्र में महज 10 से 15 मिनट के भीतर पहुंचकर कार्रवाई करती है। बेहतर रिस्पांस टाइम और टीम की तत्परता को लेकर रिजर्व इंस्पेक्टर की सराहना भी की गई।
सोशल मीडिया पर रहेगी पुलिस की पैनी नजर
बैठक में सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर फैलने वाली अफवाहों और भ्रामक पोस्ट को गंभीरता से लेते हुए साइबर मॉनिटरिंग बढ़ाने के निर्देश दिए गए। एसपी ने कहा कि किसी भी आपत्तिजनक या भ्रामक पोस्ट पर तत्काल वैधानिक कार्रवाई की जाए और जरूरत पड़ने पर अधिकृत सूचना जारी कर अफवाहों का खंडन किया जाए।
रात गश्त बढ़ाने और बदमाशों पर कार्रवाई के निर्देश
एसपी ने सभी थाना प्रभारियों को निर्देश दिए कि वे अपने क्षेत्रों में लगातार पेट्रोलिंग बढ़ाएं, संदिग्ध व्यक्तियों पर निगरानी रखें और असामाजिक तत्वों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करें।साथ ही संवेदनशील क्षेत्रों में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात करने, गुंडा-बदमाशों की नियमित चेकिंग करने और सार्वजनिक स्थलों पर पुलिस की मौजूदगी बढ़ाने के निर्देश भी दिए गए।
शांति समिति की बैठकों पर जोर
पंचायत चुनाव और त्योहारों के दौरान सामाजिक एवं धार्मिक सौहार्द बनाए रखने के लिए शांति समिति की बैठकें आयोजित करने के निर्देश दिए गए। एसपी ने जनप्रतिनिधियों, धर्मगुरुओं और गणमान्य नागरिकों के साथ लगातार संवाद बनाए रखने पर भी जोर दिया।
मॉक ड्रिल से जांची जाएगी तैयारी
संवेदनशील स्थानों पर पुलिस की तैयारी और त्वरित प्रतिक्रिया क्षमता की समीक्षा के लिए नियमित मॉक ड्रिल आयोजित करने की रणनीति भी बनाई गई। बैठक के अंत में एसपी अंकिता शर्मा ने कहा कि आमजन की सुरक्षा और जिले में शांति व्यवस्था बनाए रखना राजनांदगांव पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता है। सभी अधिकारी-कर्मचारी अनुशासन, संवेदनशीलता और जिम्मेदारी के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करें।

