राजनांदगांव।सोन कुमार सिन्हा - छत्तीसगढ़ के राजनांदगांव जिले से एक बेहद दर्दनाक और दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां खेत में रखे पैरावट में लगी आग एक महिला की मौत का कारण बन गई। बताया जा रहा है कि महिला मानसिक रूप से अस्वस्थ थी और उसने खुद ही पैरावट में आग लगा दी। आग लगाने के बाद वह उसी जलते पैरावट के बीच जा लेटी, जिससे कुछ ही देर में उसकी जिंदा जलकर मौत हो गई। घटना के बाद पूरे गांव में शोक और स्तब्धता का माहौल है। जानकारी के अनुसार, राजनांदगांव जिला मुख्यालय से करीब 15 किलोमीटर दूर जनपद पंचायत राजनांदगांव अंतर्गत ग्राम पंचायत उसरीबोड़ में यह दर्दनाक हादसा हुआ। खेत में रखे पैरावट में अचानक भीषण आग लगने से इलाके में अफरा-तफरी मच गई। आग बुझाने पहुंचे ग्रामीणों ने जब आग के बीच एक महिला को फंसा देखा तो उनके होश उड़ गए। मृतक महिला की पहचान हेमलता विश्वकर्मा पति त्रिलोचन विश्वकर्मा के रूप में हुई है। ग्रामीणों के मुताबिक घटना से पहले महिला गांव में इधर-उधर घूम रही थी और कुछ लोगों से पेट्रोल मांग रही थी। पेट्रोल नहीं मिलने पर वह गांव के पास खेत में रखे पैरावट के ढेर तक पहुंची और उसमें आग लगा दी। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि आग लगाने के बाद महिला खुद भी जलते हुए पैरावट के बीच जाकर लेट गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया। आग की तेज लपटों और धुएं के कारण ग्रामीण चाहकर भी महिला को बाहर नहीं निकाल सके। घटना की सूचना मिलते ही सुरगी थाना प्रभारी निरीक्षक ढालसिंग साहू अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस और ग्रामीणों की मदद से आग पर काबू पाया गया और महिला के शव को बाहर निकाला गया, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। पुलिस ने मौके पर पंचनामा कार्रवाई कर शव को पोस्टमार्टम के लिए मेडिकल कॉलेज पेण्ड्री भेज दिया है। परिजनों ने बताया कि हेमलता विश्वकर्मा पिछले कुछ समय से मानसिक रूप से अस्वस्थ थी और अक्सर गांव में इधर-उधर घूमते हुए बड़बड़ाया करती थी।
Loading...

