खैरागढ़। अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर कलाकारों की दुनिया द्वारा खैरागढ़ में तीन दिवसीय विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के पहले दिन 6 मार्च को खैरागढ़ के रत्न कार्यक्रम के अंतर्गत सहायक चिकित्सक डॉ. आकांक्षा सिंह मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहीं। दूसरे दिन 7 मार्च को साप्ताहिक सांगीतिक कार्यक्रम सुरीला शनिवार के तहत नगर की महिला गायिकाओं की प्रस्तुति हुई। इसमें गायिका सुनीता गंगराले शिक्षिका एवं लोककलाकार इंदिरा चंद्रवंशी तथा प्रधानपाठक एवं लोक गायिका रीना भगत ने अपनी सुरीली प्रस्तुतियों से श्रोताओं का मन मोह लिया। कार्यक्रम के तीसरे दिन 8 मार्च को नगर की स्वच्छता दीदियों तथा सशक्त व आत्मनिर्भर महिलाओं का सम्मान समारोह आयोजित किया गया। इस अवसर पर मुख्य अतिथि के रूप में पार्षद एवं पूर्व महिला बाल विकास सभापति श्रीमती सुमन पटेल, ब्राइट स्पार्क एकेडमी स्कूल की डायरेक्टर श्रीमती हरप्रीत कौर सुरी, जनपद सदस्य एवं समाजसेवी श्रीमती सरस्वती यदु तथा निर्मल त्रिवेणी महाअभियान की सदस्य श्रीमती शबाना बेगम उपस्थित रहीं। अतिथियों के करकमलों से मणिकंचन केंद्र की संचालिका श्रीमती जयश्री ताम्रकार, श्रीमती उर्मिला यादव, स्वच्छता दीदियों श्रीमती सावित्री गौकर, श्रीमती प्रभा भोंडेकर, श्रीमती फूलबाई पटेल, श्रीमती ललिता यादव, श्रीमती सरोज सारथी (सिविल अस्पताल खैरागढ़), श्रीमती नीरू निषाद (गढ़कलेवा) सहित सेवानिवृत्त स्वास्थ्य सहायिका श्रीमती ढेलाबाई यादव और श्रीमती एकता यादव (शिक्षिका, ब्राइट स्पार्क एकेडमी स्कूल) का सम्मान किया गया। कार्यक्रम का संचालन सुनीता गंगराले ने किया। कार्यक्रम की रूपरेखा संस्थापक सदस्य सावन सोनी, प्रदीप अग्रवाल, अभिषेक अग्रवाल और किशोर सोनी ने तैयार की, जबकि रूप कुमार यदु ने आभार प्रदर्शन किया। कार्यक्रम में याहया नियाजी का विशेष योगदान रहा। इस अवसर पर दयाराम पटेल, सन्नी यदु सहित नगर के कई गणमान्य नागरिक उपस्थित थे।
Loading...

