खैरागढ़। जिला खैरागढ़-छुईखदान-गंडई में जुआ और सट्टा जैसे अवैध कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत खैरागढ़ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए ऑनलाइन सट्टा संचालित कर रहे दो आरोपियों को रंगे हाथ गिरफ्तार किया है. पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, 03 अप्रैल को मुखबिर से सूचना प्राप्त हुई थी कि दाऊचौरा क्षेत्र में कुछ व्यक्ति मोबाइल के माध्यम से सट्टा-पट्टी लिखकर हार-जीत का जुआ संचालित कर रहे हैं। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने तत्परता दिखाते हुए बिहारी होटल के पास घेराबंदी कर रेड कार्रवाई की। रेड के दौरान पुलिस ने आरोपियों को सट्टा-पट्टी लिखते हुए मौके पर ही पकड़ लिया। गिरफ्तार आरोपियों में कमलेश साहू किशन सारथी निवासी वार्ड क्रमांक 17 दाऊचौरा शामिल हैं। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 2 मोबाइल फोन, ₹1000 नगद और सट्टा-पट्टी जप्त की है। दोनों के खिलाफ छत्तीसगढ़ जुआ प्रतिषेध अधिनियम 2022 की धारा 6 एवं 7 के तहत अपराध क्रमांक 143/2026 एवं 144/2026 दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी गई है. पुलिस के अनुसार, आरोपी मोबाइल के जरिए सट्टा-पट्टी लेकर उसे तुरंत डिलीट कर देते थे जिससे सबूत मिटाया जा सके। हालांकि वरिष्ठ अधिकारियों के मार्गदर्शन में अपनाई गई नई रणनीति के चलते पुलिस ने इस अवैध नेटवर्क का सफलतापूर्वक भंडाफोड़ किया।
Loading...

