खैरागढ़। शहर कांग्रेस कमेटी द्वारा नगर की मूलभूत समस्याओं को लेकर उठाई गई आवाज का असर अब साफ दिखाई देने लगा है। नया बस स्टैंड स्थित यात्री प्रतीक्षालय, जहां लंबे समय से पेयजल, बैठने की व्यवस्था और साफ-सफाई का अभाव था, अब व्यवस्थित कर दिया गया है। पूर्व में प्रतीक्षालय की स्थिति बेहद खराब थी। परिसर में गंदगी, शराब की खाली बोतलें, डिस्पोजल और पानी के पाउच बिखरे पड़े थे, जिससे यह स्थान नशेड़ियों का अड्डा बन चुका था। नगर पालिका को कई बार अवगत कराने के बावजूद सुधार नहीं होने पर कांग्रेसियों ने 18 मार्च को कलेक्टर से मुलाकात कर 22 मार्च तक व्यवस्था दुरुस्त नहीं होने पर आंदोलन की चेतावनी दी थी। कलेक्टर के निर्देश के बाद नगर पालिका द्वारा तय समय सीमा से एक दिन पहले ही प्रतीक्षालय में सुधार कार्य कर दिए गए। यहां पेयजल की व्यवस्था, बैठने की सुविधा, साफ-सफाई और पेंटिंग का कार्य पूरा किया गया। व्यवस्था का निरीक्षण करने शहर कांग्रेस अध्यक्ष अरुण भारद्वाज और विधायक प्रतिनिधि मनराखन देवांगन के नेतृत्व में कांग्रेस पदाधिकारी नेता प्रतिपक्ष दीपक देवांगन, पुरन सारथी, शेखर दास वैस्नव, रविंद्र सिंह गहेरवार, महेश यादव, सूर्यकान्त यादव, अजय देवांगन मौके पर पहुंचे। उन्होंने व्यवस्था में सुधार पर नगर पालिका के पुनीत वर्मा का आभार जताया। शहर कांग्रेस अध्यक्ष अरुण भारद्वाज ने कहा कि प्रतीक्षालय की बदहाल स्थिति को लेकर लगातार शिकायतें मिल रही थीं, जिस पर जनभावनाओं को ध्यान में रखते हुए कांग्रेस ने प्रमुखता से मुद्दा उठाया। उन्होंने कहा कि जनहित के मुद्दों को लेकर आगे भी संघर्ष जारी रहेगा। विधायक प्रतिनिधि मनराखन देवांगन ने कहा कि कांग्रेस शहर की समस्याओं को लेकर लगातार शासन-प्रशासन को आईना दिखाने का काम कर रही है। उन्होंने व्यवस्था सुधार के लिए कलेक्टर और नगर पालिका सीएमओ का आभार व्यक्त किया। आंदोलन की चेतावनी के बाद त्वरित कार्रवाई होने से फिलहाल कांग्रेस ने अपना प्रस्तावित आंदोलन स्थगित कर दिया है.
Loading...

