राजनांदगांव -सोनकुमार सिन्हा - थाना बसंतपुर पुलिस की पहल पर पुनः समाज की मुख्यधारा से जोड़ा गया। यह पहल पुलिस अधीक्षक सुश्री अंकिता शर्मा (भा.पु.से.) के निर्देशन में की गई। प्राप्त जानकारी के अनुसार मोहारा वार्ड क्रमांक 47 निवासी एक महिला ने वरिष्ठ कार्यालय में आवेदन प्रस्तुत कर बताया था कि उसने 11 अक्टूबर 2021 को अन्य जाति के युवक से विवाह किया था। विवाह के बाद से क्षेत्र के कुम्हार समाज द्वारा महिला और उसके ससुराल पक्ष को सामाजिक कार्यक्रमों से अलग कर दिया गया था तथा उन्हें निरंतर उपेक्षा और अपमान का सामना करना पड़ रहा था। मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक सुश्री अंकिता शर्मा, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कीर्तन राठौर तथा नगर पुलिस अधीक्षक श्रीमती वैशाली जैन (भा.पु.से.) ने त्वरित एवं सौहार्दपूर्ण समाधान के निर्देश दिए। निर्देशानुसार थाना प्रभारी निरीक्षक एमन साहू के नेतृत्व में थाना बसंतपुर में आवेदिका पक्ष कुम्हार समाज के पदाधिकारियों एवं क्षेत्र के गणमान्य नागरिकों की बैठक आयोजित की गई। बैठक में दोनों पक्षों के बीच विस्तृत चर्चा कर सामाजिक बहिष्कार के दुष्परिणाम और कानूनी पहलुओं से अवगत कराया गया। पुलिस ने आपसी समन्वय और सामाजिक सौहार्द बनाए रखने की समझाइश दी। लगातार संवाद और मध्यस्थता के प्रयासों के बाद दोनों पक्षों के बीच सहमति बनी कि भविष्य में परिवार को सभी सामाजिक एवं पारिवारिक कार्यक्रमों में सम्मानपूर्वक शामिल किया जाएगा। चार वर्षों से चली आ रही इस सामाजिक समस्या का समाधान सौहार्दपूर्ण वातावरण में एक-दूसरे को मिठाई खिलाकर संपन्न हुआ। समाज के प्रतिनिधियों और आवेदिका परिवार ने इस संवेदनशील पहल के लिए पुलिस अधीक्षक सहित समस्त पुलिस टीम का आभार व्यक्त किया।
Loading...

