खैरागढ़ - खरीफ सीजन से पहले किसानों को गुणवत्तायुक्त खाद, बीज और कीटनाशक उपलब्ध कराने के लिए कृषि विभाग ने जिलेभर में सघन जांच अभियान तेज कर दिया है। कलेक्टर इन्द्रजीत सिंह चंद्रवाल के निर्देश पर मंगलवार को कृषि विभाग की टीम ने विभिन्न कृषि केंद्रों एवं गोदामों का औचक निरीक्षण किया। इसी दौरान विकासखंड खैरागढ़ के ग्राम सिंघौरी में अवैध उर्वरक भंडारण का बड़ा मामला उजागर हुआ। जांच के दौरान मोतीपाल के गोदाम में भारी मात्रा में सफेद प्लास्टिक बोरियों में उर्वरक भंडारित पाया गया। खास बात यह रही कि इन बोरियों पर किसी भी प्रकार का नाम, कंपनी, बैच नंबर अथवा गुणवत्ता संबंधी जानकारी अंकित नहीं थी, जिससे उर्वरक की वैधता और गुणवत्ता पर गंभीर सवाल खड़े हो गए। कृषि विभाग की टीम ने तत्काल कार्रवाई करते हुए मौके से उर्वरक के नमूने जांच के लिए संग्रहित किए और पूरे गोदाम को सीलबंद कर दिया। निरीक्षण में करीब 600 बोरी संदिग्ध उर्वरक बरामद किए गए, जिन्हें जब्त कर लिया गया है। सहायक संचालक कृषि लुकमान साहू के नेतृत्व में की गई इस कार्रवाई में उर्वरक नियंत्रण आदेश के उल्लंघन का मामला पाए जाने पर संबंधित व्यक्ति को नोटिस जारी किया गया है। विभागीय अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि किसानों के हितों से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
Loading...

