खैरागढ़ | विद्युत लाइन के आसपास पेड़ कटाई के दौरान शनिवार सुबह एक दर्दनाक हादसे में बिजली विभाग के ठेका कर्मी की मौत हो गई. करंट लगने से गंभीर रूप से झुलसे कर्मी को तत्काल जिला अस्पताल ले जाया गया जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया . घटना के बाद पूरे क्षेत्र में शोक और आक्रोश का माहौल है. मृतक की पहचान ग्राम पेंड्रीकला निवासी हेमंत साहू 45 वर्ष पिता स्वर्गीय बंशीलाल साहू के रूप में हुई है. बताया जा रहा है कि हेमंत साहू अन्य कर्मचारियों के साथ टोलागांव क्षेत्र में विद्युत लाइन के पास पेड़ कटाई कार्य में लगा हुआ था. इसी दौरान पेड़ की एक बड़ी डाल अचानक चालू विद्युत लाइन के संपर्क में आ गई और हेमंत तेज करंट की चपेट में आ गया. हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई साथी कर्मचारियों ने तत्काल उसे सिविल अस्पताल खैरागढ़ पहुंचाया लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी. डॉक्टरों ने परीक्षण के बाद उसे मृत घोषित कर दिया. शव को पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल के शवगृह में रखा गया है.
घटना के बाद स्थानीय लोगों और कर्मचारियों ने सुरक्षा व्यवस्था को लेकर नाराजगी जताई है। आरोप है कि विद्युत लाइन के आसपास काम के दौरान पर्याप्त सुरक्षा उपकरण और जरूरी सावधानियों का पालन नहीं किया गया। वहीं विद्युत विभाग की ओर से प्रभारी सहायक अभियंता मदलसा विश्वकर्मा ने बताया कि जिस फीडर क्षेत्र में पेड़ कटाई का कार्य चल रहा था, उसे बंद किया गया था . हालांकि लाइन लंबी होने के कारण दूसरी ओर से प्रवाहित करंट वाली लाइन के संपर्क में पेड़ की डाल आ गई, जिससे यह हादसा हो गया।फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुट गई है और हादसे के कारणों की पड़ताल की जा रही है.

