बालोद/डौंडी लोहारा - ग्राम रेंगड़बरी में खुले पड़े बिजली तार की चपेट में आकर मंगलवार शाम एक 11 वर्षीय बालक कुणाल तुमरेकी की दर्दनाक मौत हो गई। यह हादसा बिजली विभाग की लापरवाही और जिम्मेदार अधिकारियों की अनदेखी का नतीजा बताया जा रहा है। इस घटना से पूरे गांव में शोक और आक्रोश का माहौल है। घटना के बाद आम आदमी पार्टी आप ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जिला प्रशासन को कठघरे में खड़ा किया है। पार्टी के जिलाध्यक्ष बालक साहू, मीडिया प्रभारी पंकज जैन, जिला सचिव कैलाश बंजारे, आरटीआई विंग के जिलाध्यक्ष रोहित साहू, चुन्नीलाल राणा सहित कार्यकर्ताओं ने जिला कलेक्टर को ज्ञापन सौंपकर पीड़ित परिवार को ₹50 लाख मुआवजा और दोषी अधिकारियों पर आपराधिक प्रकरण दर्ज करने की मांग की है। आम आदमी पार्टी के जिलाध्यक्ष बालक साहू ने इस घटना को लापरवाही नहीं बल्कि विभागीय हत्या करार दिया। उन्होंने कहा कि बिजली विभाग की असंवेदनशीलता, खुले और असुरक्षित तारों की अनदेखी सुरक्षा उपायों की कमी और नियमित निरीक्षण के अभाव ने मासूम कुणाल की जान ले ली। यह विभागीय कर्तव्यहीनता का नतीजा है। जिम्मेदार अफसरों पर एफआईआर दर्ज होनी चाहिए बालक साहू. आप नेता पंकज जैन ने बताया कि घटना को तीन दिन बीत चुके हैं न तो पीड़ित परिवार को मुआवजे की कोई जानकारी दी गई है न ही किसी जिम्मेदार अधिकारी पर कोई कार्रवाई हुई है। जहां कनिष्ठ अभियंता का दफ्तर हो वहीं खुले तार से मासूम की मौत हो जाए यह विभागीय व्यवस्था पर सवालिया निशान है। पंकज जैन ने ग्रामीणों और शोकाकुल परिवार के साथ घटनास्थल का निरीक्षण किया और मृतक कुणाल के घर जाकर श्रद्धांजलि अर्पित की। उन्होंने बताया कि जब ग्रामीण कनिष्ठ अभियंता से बात करने पहुंचे, तो अधिकारी बिना संवाद के ही लौट गए, जिससे ग्रामीणों का आक्रोश और बढ़ गया। आप नेताओं ने जिला प्रशासन को स्पष्ट चेतावनी दी है कि यदि शीघ्र कार्रवाई नहीं की गई और पीड़ित परिवार को न्याय नहीं मिला, तो ग्रामीणों के साथ मिलकर विशाल और उग्र आंदोलन छेड़ा जाएगा।
“यह केवल एक गांव की त्रासदी नहीं, पूरे सिस्टम की विफलता है। जवाबदेही तय करना अब अनिवार्य है।

