खैरागढ़ - वन अग्नि के दूरगामी एवं गंभीर दुष्प्रभावों को दृष्टिगत रखते हुए श्री पंकज राजपूत, भा.व.से., वनमंडल अधिकारी खैरागढ़ के निर्देशन में वनमंडल क्षेत्र में व्यापक जन-जागरूकता अभियान संचालित किया जा रहा है। अभियान के अंतर्गत महुआ वृक्ष ब्लेजिंग कर कंट्रोल बर्निंग, दीवार लेखन, पोस्टर चस्पा, गांवों में मुनादी, नुक्कड़ नाटक व सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन किया जा रहा है। साथ ही सरपंचों एवं संयुक्त वन प्रबंधन समिति के अध्यक्षों को पोस्टकार्ड लेखन के माध्यम से वन अग्नि रोकथाम की अपील की जा रही है. इसी कड़ी में जिला शिक्षा अधिकारी लाल ली द्विवेदी के विशेष सहयोग से 3 फरवरी 2026 को खैरागढ़ विकासखंड के 37 एवं छुईखदान विकासखंड के 40 हाईस्कूल व हायर सेकेंड्री स्कूलों में छात्र-छात्राओं हेतु वाद-विवाद, निबंध, चित्रकला एवं रंगोली प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जा रहा है। प्रतियोगिता में प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों को अग्नि रोवा वीर प्रमाण पत्र, वनमंडल अधिकारी एवं जिला शिक्षा अधिकारी के संयुक्त हस्ताक्षर से प्रदान किया जाएगा। साथ ही पंकज राजपूत द्वारा स्वरचित पुस्तक एवं वन अग्नि परिचायिका भी वितरित की जाएगी। वनमंडल अधिकारी ने बताया कि जल ही जीवन है और वन अग्नि से सर्वाधिक क्षति जल संसाधनों को होती है। आग लगने से बीज, छोटे पौधे, झाड़ियाँ, घास, सूखी लकड़ियाँ एवं पोषक तत्व नष्ट हो जाते हैं, जिससे जंगलों का प्राकृतिक पुनरुत्पादन बाधित होता है। फंगस एवं बैक्टीरिया जैसी जैविक संरचनाएं नष्ट होने से मिट्टी की उर्वरता घटती है तथा भूमि में वर्षा जल का समुचित अवशोषण नहीं हो पाता, जिससे भू-जल स्तर में गिरावट आती है। वन अग्नि से औषधीय वनस्पतियाँ नष्ट होती हैं, वन्यजीवों का आवास प्रभावित होता है तथा मानव-वन्यप्राणी द्वंद्व की आशंका बढ़ जाती है। इसके साथ ही जैव विविधता, खाद्य श्रृंखला एवं पर्यावरणीय संतुलन पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ता है। वन अग्नि की घटनाओं पर त्वरित कार्रवाई हेतु वनमंडल कार्यालय खैरागढ़ में फॉरेस्ट फायर कंट्रोल रूम की स्थापना की गई है। आमजन से अपील है कि किसी भी अग्नि घटना की सूचना तत्काल कंट्रोल रूम के मोबाइल नंबर 9301321797 पर दें। वन विभाग ने स्पष्ट किया कि वनों का संरक्षण जन सहभागिता के बिना संभव नहीं है। मीडिया के माध्यम से व्यापक जन-जागरूकता लाकर प्रकृति एवं पर्यावरण संरक्षण की दिशा में प्रभावी पहल की जा सकती है।
Loading...

