राजनांदगांव - मनगटा क्षेत्र में कानून-व्यवस्था को चुनौती देने वाले असामाजिक तत्वों के विरुद्ध राजनांदगांव पुलिस ने एक बार फिर सख़्त कार्रवाई करते हुए ज़ीरो टॉलरेंस नीति का स्पष्ट संदेश दिया है। अवैध शराब सेवन और तेज़ डीजे की लगातार मिल रही शिकायतों के बाद सोमनी पुलिस ने देर रात बड़े पैमाने पर औचक छापेमारी की।
पुलिस अधीक्षक सुश्री अंकिता शर्मा (भा.पु.से.) के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कीर्तन राठौर के मार्गदर्शन एवं नगर पुलिस अधीक्षक अलेक्जेंडर किरो के पर्यवेक्षण में यह कार्रवाई की गई। उद्देश्य क्षेत्र में शांति व्यवस्था बनाए रखना और अपराध पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित करना था। नगर पुलिस अधीक्षक अलेक्जेंडर किरो के नेतृत्व में गठित विशेष टीम ने मनगटा क्षेत्र के रिसॉर्ट्स पर एक साथ दबिश दी। करीब 30 पुलिस अधिकारी-कर्मचारियों की टीम द्वारा लगभग 53 रिसॉर्ट्स की सघन जांच की गई। छापेमारी के दौरान लिलिपूट रिसॉर्ट, स्काई पुल रिसॉर्ट, एंड विला रिसॉर्ट, किम्बा फार्म रिसॉर्ट, क्लाउड नाइट रिसॉर्ट एवं फाइब्स रिसॉर्ट में नियमों के विरुद्ध आगंतुकों को शराब पीने की सुविधा उपलब्ध कराते हुए पाया गया। विजय मिश्रा, खिलेश्वर प्रसाद साहू, राकेश वैष्णव, भूपेंद्र साहू, नागेंद्र साकेत एवं बी. ललित कुमार के विरुद्ध आबकारी अधिनियम की धारा 36(सी) के तहत विधिवत कार्रवाई की है।
मौके पर शराब का सेवन कर रहे लोगों को कड़ी समझाइश दी गई। वहीं, पुलिस कार्रवाई का विरोध कर शांति भंग करने का प्रयास करने वाले कुछ व्यक्तियों के खिलाफ धारा 170/126 एवं 135(3) बीएनएसएस के तहत इस्तगाशा तैयार कर माननीय एसडीएम न्यायालय में प्रस्तुत किया गया है।

