खैरागढ़ - जालबांधा क्षेत्र के विद्यार्थियों के लिए बड़ी सौगात मिली है। वित्तीय वर्ष 2025-26 के बजट सत्र में शासकीय महाविद्यालय जालबांधा के स्वतंत्र भवन निर्माण के लिए राशि स्वीकृत कर दी गई है। प्रथम चरण में 1 करोड़ रुपये का प्रावधान किया गया है। क्षेत्र में लंबे समय से महाविद्यालय के लिए अलग भवन की मांग की जा रही थी। स्वीकृति मिलने के बाद अब महाविद्यालय में आधुनिक कक्षाएं, सुसज्जित पुस्तकालय, प्रयोगशालाएं और अन्य आवश्यक शैक्षणिक सुविधाएं विकसित की जा सकेंगी। इससे जालबांधा सहित आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों के विद्यार्थियों को उच्च शिक्षा के लिए बेहतर आधारभूत सुविधा मिलेगी और उन्हें बाहर जाने की आवश्यकता कम होगी। महाविद्यालय जनभागीदारी समिति के अध्यक्ष जयप्रकाश साहू एवं समिति के सदस्यों ने लगातार इस मांग को शासन स्तर तक पहुंचाया। बजट में राशि स्वीकृत होने पर जयप्रकाश साहू ने कहा कि यह उपलब्धि क्षेत्र के युवाओं के उज्ज्वल भविष्य के लिए महत्वपूर्ण साबित होगी। उन्होंने उम्मीद जताई कि जल्द ही राशि जारी होने के बाद भवन निर्माण कार्य प्रारंभ किया जाएगा। स्वीकृति मिलने पर जनभागीदारी समिति और क्षेत्रवासियों ने मुख्यमंत्री विष्णु देव साय, वित्त मंत्री ओ.पी. चौधरी, उच्च शिक्षा मंत्री टंक राम वर्मा, प्रभारी मंत्री लखन लाल देवांगन, सांसद संतोष पाण्डेय, जिला पंचायत अध्यक्ष प्रियंका ताम्रकार तथा जिला पंचायत उपाध्यक्ष विक्रांत सिंह के प्रति आभार व्यक्त किया है।
Loading...

