खैरागढ़ - कैलाश चतुर्वेदी ! जिला केसीजी की थाना गंडई पुलिस को चोरी के एक मामले में सफलता मिली है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आदतन आरोपी शेख वसीम उर्फ आयुष खान (18 वर्ष) निवासी वार्ड नंबर 06 कंपोजिट गंडई को गिरफ्तार कर चोरी का पूरा सामान बरामद कर लिया है। आरोपी को न्यायालय में पेश कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है। प्राप्त जानकारी के अनुसार प्रार्थी श्याम लाल चातर बिदनी 58 वर्ष निवासी पशु चिकित्सालय गंडई ने 27 अक्टूबर 2025 को थाना गंडई में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि 24 अक्टूबर 2025 की रात अज्ञात चोर ने पशु चिकित्सालय के कार्यालय का ताला तोड़कर अंदर रखे कम्प्यूटर मॉनिटर, सीपीयू, पेन ड्राइव एवं डूल पम्प चोरी कर लिए। चोरी गए सामान की कुल कीमत लगभग 13,600 रुपये बताई गई थी। रिपोर्ट पर थाना गंडई में अपराध क्रमांक 375/25 के तहत धारा 331 एवं 305(ए) बीएनएस के अंतर्गत मामला दर्ज कर विवेचना प्रारंभ की गई। घटना के बाद से पुलिस अज्ञात आरोपी की तलाश में जुटी हुई थी।इसी बीच मुखबिर से सूचना मिली कि शेख वसीम उर्फ आयुष खान ने चोरी का सामान अपने घर के पीछे बाड़ी में बनी झोपड़ी के अंदर एक बड़ी पेटी में छुपाकर रखा है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने बताई गई जगह पर दबिश दी। जांच के दौरान झोपड़ी में रखी पेटी से कम्प्यूटर मॉनिटर, सीपीयू, पेन ड्राइव एवं डूल पम्प बरामद किया गया। पुलिस ने आरोपी को मौके से गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ के बाद उसे माननीय न्यायालय में पेश किया गया, जहां से न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।
Loading...

