खैरागढ़। आपातकाल की वर्षगांठ पर भाजपा द्वारा चलाए जा रहे अभियान पर तीखा हमला बोलते हुए खैरागढ़ विधायक यशोदा वर्मा ने केंद्र की मोदी सरकार पर गंभीर आरोप लगाए. उन्होंने कहा कि भाजपा आपातकाल के नाम पर जनता को गुमराह कर रही है जबकि पिछले 12 वर्षों से देश में अघोषित आपातकाल जैसी परिस्थितियां पैदा कर दी गई हैं. विधायक यशोदा वर्मा ने आरोप लगाया कि केंद्र सरकार जांच एजेंसियों प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) और केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई) का राजनीतिक इस्तेमाल कर विपक्षी नेताओं पर दबाव बना रही है। उन्होंने कहा कि जिन नेताओं पर पहले भ्रष्टाचार के आरोप लगाए जाते हैं, वही भाजपा में शामिल होते ही सम्मान और बड़े पदों से नवाजे जाते हैं, जबकि वर्षों से पार्टी के लिए काम करने वाले भाजपा के निष्ठावान कार्यकर्ताओं की लगातार उपेक्षा हो रही है. उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पिछले 12 वर्षों में स्वतंत्र रूप से प्रेस के सवालों का सामना करने से बचते रहे हैं। लोकतंत्र में जवाबदेही सबसे महत्वपूर्ण होती है, लेकिन केंद्र सरकार आलोचना और विपक्ष की आवाज को दबाने का प्रयास कर रही है. यशोदा वर्मा ने आरोप लगाया कि सत्ता हासिल करने और बनाए रखने के लिए भाजपा विभिन्न राज्यों में विपक्षी दलों को तोड़ने की राजनीति कर रही है तथा चुनावों को प्रभावित करने के लिए केंद्रीय एजेंसियों का दुरुपयोग किया जा रहा है. उन्होंने कहा कि देश में महंगाई, बेरोजगारी और आम जनता से जुड़े बुनियादी मुद्दों पर चर्चा करने के बजाय लोगों का ध्यान भटकाने और सामाजिक उन्माद फैलाने की कोशिश की जा रही है। उन्होंने कहा कि लोकतांत्रिक संस्थाओं की स्वतंत्रता और संविधान की मूल भावना की रक्षा करना आज सबसे बड़ी आवश्यकता है.
Loading...

