महासमुंद । छत्तीसगढ़ में चावल वाले बाबा के नाम से प्रसिद्ध कथावाचक और ज्योतिषाचार्य नरेंद्र नयन शास्त्री को दुष्कर्म के गंभीर आरोप में पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। धार्मिक प्रवचनों, ज्योतिषीय भविष्यवाणियों और राजनीतिक दावों के कारण सुर्खियों में रहने वाले शास्त्री की गिरफ्तारी से पूरे प्रदेश में चर्चा तेज हो गई है। पुलिस के अनुसार, एक महिला की शिकायत पर बागबाहरा थाना में मामला दर्ज किया गया। शिकायत की जांच के बाद पुलिस ने कार्रवाई करते हुए 9 जून को नरेंद्र नयन शास्त्री को गिरफ्तार कर लिया। उन पर भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 376(2)(j), 376(2)(n) और 376(2)(m) के तहत अपराध दर्ज किया गया है। महासमुंद पुलिस ने भी प्रेस विज्ञप्ति जारी कर गिरफ्तारी की पुष्टि की है।
भविष्यवाणियों से बने थे चर्चित
रायपुर जिले के सिलयारी निवासी नरेंद्र नयन शास्त्री प्रदेशभर में आयोजित धार्मिक आयोजनों, कथा-प्रवचनों और ज्योतिषीय कार्यक्रमों के कारण लंबे समय से चर्चित रहे हैं। बड़ी संख्या में लोग उनसे भविष्य जानने और परामर्श लेने पहुंचते थे। उनके दरबार में देर रात तक श्रद्धालुओं की भीड़ लगी रहती थी। कुछ समय पहले उनका एक वीडियो सोशल मीडिया पर काफी वायरल हुआ था, जिसमें उन्होंने छत्तीसगढ़ में मुख्यमंत्री बदलने की भविष्यवाणी की थी। इसके अलावा वे चुनावों के दौरान कई नेताओं की जीत-हार और वोटों के अंतर को लेकर भी दावे करते रहे थे। उनकी भविष्यवाणियों को लेकर समर्थकों और आलोचकों के बीच लगातार बहस होती रही।
अब गंभीर आरोपों के घेरे में
जिस व्यक्ति की भविष्यवाणियां कभी राजनीतिक और सामाजिक चर्चाओं का केंद्र बनी हुई थीं, वही अब गंभीर आपराधिक आरोपों के चलते पुलिस हिरासत में है। गिरफ्तारी के बाद प्रदेशभर में इस मामले को लेकर तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गई हैं। मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए पुलिस फिलहाल विस्तृत जानकारी सार्वजनिक करने से बच रही है। अधिकारियों का कहना है कि जांच जारी है और साक्ष्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

