खैरागढ़। देश की बात फाउंडेशन छत्तीसगढ़ द्वारा आयोजित दो दिवसीय राज्य स्तरीय प्रशिक्षण शिविर का सफलतापूर्वक समापन खैरागढ़ में हुआ. 29 एवं 30 मई 2026 को आयोजित इस शिविर में प्रदेशभर से पहुंचे युवाओं, महिलाओं, चिंतकों और सामाजिक कार्यकर्ताओं ने सहभागिता कर व्यक्तित्व विकास, सामाजिक जिम्मेदारी और सकारात्मक राष्ट्रवाद के विषयों पर गहन मंथन किया. शिविर का मुख्य उद्देश्य व्यक्तित्व विकास के साथ समाज और राष्ट्र निर्माण की भावना को मजबूत करना तथा वसुधैव कुटुम्बकम के सिद्धांत को व्यवहार में उतारने के लिए प्रतिभागियों को प्रेरित करना रहा.
पहले दिन सामाजिक चेतना और वैचारिक संवाद
कार्यक्रम की शुरुआत पंजीयन, स्वागत एवं संगीत-ध्यान सत्र से हुई. मुख्य वक्ता एडवोकेट महेंद्र साहू ने प्रशिक्षण के उद्देश्यों और भावी कार्ययोजना पर विस्तार से प्रकाश डालते हुए युवाओं को समाज में सकारात्मक बदलाव का वाहक बनने का आह्वान किया. रात्रि सत्र में समाज सुधारक महात्मा ज्योतिबा फुले एवं सावित्रीबाई फुले के जीवन पर आधारित फिल्म फुले का प्रदर्शन किया गया। फिल्म के उपरांत प्रतिभागियों ने सामाजिक न्याय, शिक्षा और समानता जैसे विषयों पर सार्थक चर्चा की.
दूसरे दिन बौद्धिक सत्रों में हुआ गंभीर चिंतन
दूसरे दिन की शुरुआत संगीत एवं ध्यान के साथ हुई. शिवशंकर सिंह गौर (राजनांदगांव) ने इतिहास और महापुरुषों के योगदान पर प्रकाश डाला. इसके बाद गोपाल राय के सकारात्मक राष्ट्रवाद विषयक विचारों की विशेष वीडियो प्रस्तुति दिखाई गई. गौतम दास साहू ने आधुनिक भारत के संघर्षों और वर्तमान सामाजिक-राजनीतिक परिदृश्य के विभिन्न पहलुओं पर अपने विचार रखे. महिला सशक्तिकरण पर केंद्रित सत्र में डॉ. सुशीला संतोष नेताम ने भारत में महिलाओं की स्थिति, स्त्री विमर्श और सामाजिक चुनौतियों पर विस्तार से चर्चा की। वहीं एडवोकेट एस.आर. वर्मा ने शिक्षा, कौशल विकास और रोजगार के अवसरों पर युवाओं का मार्गदर्शन किया. डॉ. रंजना मंडावी ने समाज में बढ़ती असंवेदनशीलता, मानवीय मूल्यों के क्षरण और प्रकृति के प्रति बढ़ती उदासीनता पर चिंता व्यक्त करते हुए संवेदनशील समाज निर्माण का संदेश दिया.
प्रमाण पत्र वितरण के साथ हुआ समापन
शिविर के अंतिम चरण में प्रतिभागियों को प्रशिक्षण पूर्ण करने पर प्रमाण पत्र प्रदान किए गए. मैत्री मिलन, अनुभव साझा करने और आभार प्रदर्शन के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ. इस सफल आयोजन में डॉ. दीप्ति धुरंधर केंद्रीय संगठनकर्ता, विप्लव साहू राज्य समन्वयक, नीलेश यादव राज्य सह-समन्वयक सहित फाउंडेशन के सभी कार्यकर्ताओं और सहयोगियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही. कार्यक्रम के समापन अवसर पर फाउंडेशन ने अपने मूल मंत्र सोच बदलेगी देश बदलेगा को दोहराते हुए शिक्षा, समानता, सामाजिक न्याय, सशक्तिकरण और राष्ट्रहित के लिए मिलकर कार्य करने का संकल्प लिया.

