राजनांदगांव।सोन कुमार सिन्हा - जिले के बोरतलाब थाना क्षेत्र में दर्ज नाबालिग बालिका के प्रसूति एवं हॉस्पिटल लापरवाही से जुड़े चर्चित प्रकरण में पुलिस ने कार्रवाई तेज कर दी है। मामले में एक आरोपी अब भी फरार है जिसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस अधीक्षक कार्यालय द्वारा इनाम की उद्घोषणा की गई है। पुलिस के अनुसार अपराध क्रमांक 01/2026 में अब तक कई आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेजा जा चुका है। हालांकि विजय राज नामक आरोपी अभी भी पुलिस गिरफ्त से बाहर है, जिसकी तलाश जारी है।
हॉस्पिटल पर भी शिकंजा कसने की तैयारी
प्रकरण में लापरवाही के आरोपों को गंभीरता से लेते हुए कृष्णा हॉस्पिटल एवं डॉ. दीपक पंसारी के लाइसेंस निरस्तीकरण हेतु पुलिस अधीक्षक सुश्री अंकिता शर्मा द्वारा नेशनल मेडिकल कमीशन को पत्र भेजा गया है। साथ ही स्टेट मेडिकल काउंसिल को भी पत्र की प्रति प्रेषित की गई है।
न्यायालय में चालान पेश
मामले में पुलिस द्वारा न्यायालय में चालान प्रस्तुत किया जा चुका है, जिससे आगे की न्यायिक प्रक्रिया शुरू हो गई है।
अब तक गिरफ्तार आरोपी
इस मामले में कुल 10 आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेजा गया है, जिनमें डॉक्टर, अस्पताल से जुड़े लोग एवं अन्य सहयोगी शामिल हैं।
पुलिस की अपील
फरार आरोपी विजय राज के संबंध में किसी भी प्रकार की जानकारी मिलने पर आम नागरिकों से नजदीकी थाना या कंट्रोल रूम नंबर +91 94791 92199 पर सूचना देने की अपील की गई है।

