बालोद। बालोद जिले के पड़कीभाट गांव के पास बालोद-दुर्ग मुख्य मार्ग पर आज सुबह एक बड़ा सड़क हादसा हो गया। नायब तहसीलदार खुशबू नेताम की तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पलट गई। हादसे के वक्त कार सड़क किनारे बने गड्ढे में जा गिरी, जहां पानी भरा हुआ था। हालांकि गनीमत ये रही कि सामने से कोई वाहन नहीं आ रहा था, वरना हादसा और भी भयावह हो सकता था।
मिली जानकारी के मुताबिक, नायब तहसीलदार खुशबू नेताम इन दिनों अवकाश पर अपने गृहग्राम अरौद आई हुई थीं। आज सुबह वह अपनी मां को बालोद छोड़कर जगदलपुर लौट रही थीं। रास्ते में रेलवे ओवरब्रिज के नीचे एक अन्य वाहन को बचाने की कोशिश में उनकी कार अनियंत्रित होकर पलट गई।
राहगीरों और स्थानीय ग्रामीणों ने तत्परता दिखाते हुए दुर्घटनाग्रस्त कार से महिला अफसर को सुरक्षित बाहर निकाला। मौके पर पहुंची पुलिस ने भी राहत और बचाव कार्य में सहयोग किया। प्राथमिक उपचार के बाद खुशबू नेताम को अस्पताल से छुट्टी दे दी गई है। बताया जा रहा है कि उन्हें मामूली चोटें आई हैं।
ग्रामीणों ने बताया कि जिस जगह हादसा हुआ, वहां सड़क की हालत खराब है और किनारे गहरे गड्ढे हैं, जो हादसे को न्योता देते हैं। स्थानीय लोगों ने सड़क सुधार की मांग भी उठाई है।
बहरहाल, राहत की बात यह रही कि इस भीषण हादसे में कोई बड़ी जनहानि नहीं हुई और नायब तहसीलदार सुरक्षित हैं। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

