गंडई। कैलाश चतुर्वेदी - वनांचल क्षेत्र के ठाकुरटोला लावातरा से बैगापारा तक प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना (PM-JANMAN) के तहत निर्मित सड़क की गुणवत्ता को लेकर ग्रामीणों ने गंभीर आपत्ति जताई है। ग्रामीणों का आरोप है कि 1.700 किलोमीटर लंबी इस सड़क का निर्माण गुणवत्ताहीन तरीके से किया गया है, जिससे इसके जल्द क्षतिग्रस्त होने की आशंका बढ़ गई है. प्राप्त जानकारी के अनुसार सड़क निर्माण की स्वीकृत लागत 116.810 लाख रुपये है। कार्य प्रारंभ करने की तिथि 07 मार्च 2024 निर्धारित की गई थी और इसे 22 मार्च 2025 तक पूर्ण किया जाना था, लेकिन निर्माण कार्य 17 फरवरी 2026 को पूर्ण किया गया। निर्धारित समय-सीमा से विलंब के बावजूद गुणवत्ता पर सवाल खड़े होना स्थानीय लोगों में नाराजगी का कारण बना हुआ है. ग्रामीणों का कहना है कि सड़क पर डामर की परत अत्यंत पतली बिछाई गई है तथा निर्माण सामग्री की मात्रा भी मानक से कम उपयोग की गई है। उनका आरोप है कि लागत बचाने के उद्देश्य से कार्य में लापरवाही बरती गई, जिससे सड़क की मजबूती प्रभावित हो सकती है और भविष्य में आवागमन बाधित होने की संभावना है. ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि निर्माण कार्य की उच्चस्तरीय तकनीकी जांच कराई जाए तथा यदि अनियमितता पाई जाती है तो संबंधित ठेकेदार के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाए. समाचार लिखे जाने तक निर्माण स्थल पर कुछ कार्य जारी होने की जानकारी भी मिली है। मामले में संबंधित विभागीय अधिकारियों की प्रतिक्रिया प्राप्त नहीं हो सकी है.
Loading...

