खैरागढ़। क्रांतिकारी संदेश - जिले में शिक्षा व्यवस्था को लेकर एक बार फिर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। बैहाटोला की भूतपूर्व छात्रा एवं वर्तमान में ग्राम कानीमेरा छुईखदान निवासी श्रीमती पूर्णिमा गोंड को कक्षा आठवीं सत्र 2011-12 की कथित फर्जी अंकसूची जारी करने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। आरोप है कि माध्यमिक शाला में पदस्थ वर्तमान में निलंबित प्रधानपाठक राज्यपाल सम्मानित किशोर शर्मा ने अंकों में हेरफेर कर अंकसूची जारी की। जानकारी के अनुसार ग्राम पंचायत कानीमेरा में आंगनबाड़ी के रिक्त पद हेतु पंचायत स्तर पर विज्ञापन जारी किया गया था, जिसमें अभ्यर्थियों से आवेदन मंगाए गए थे। चयन प्रक्रिया प्राप्तांकों की वरीयता के आधार पर होनी थी। इसी दौरान यह बात सामने आई कि अभ्यर्थी पूर्णिमा गोंड की मूल अंकसूची में केवल ग्रेडिंग का उल्लेख था जबकि बाद में प्रस्तुत अंकसूची में प्राप्तांकों को बढ़ाकर दर्शाया गया। आरोप है कि चयन में लाभ दिलाने के उद्देश्य से प्रधानपाठक द्वारा अंकसूची में कथित रूप से हेरफेर किया गया। अब यह मामला सामने आने के बाद कई गंभीर सवाल उठ रहे हैं क्या यह केवल एक व्यक्ति का कृत्य है या इसमें अन्य लोगों की भी मिलीभगत है? स्थानीय स्तर पर इस घटना को लेकर आक्रोश व्याप्त है और निष्पक्ष जांच की मांग उठने लगी है। मामला उजागर होने के बाद स्थानीय स्तर पर आक्रोश बढ़ गया है और पारदर्शी जांच की मांग तेज हो गई है। लोगों का कहना है कि यदि आरोप सही पाए जाते हैं तो यह न केवल एक व्यक्ति की गलती बल्कि पूरी चयन प्रक्रिया की निष्पक्षता पर सवाल खड़े करता है।आरोपों पर प्रतिक्रिया देते हुए तत्कालीन प्रधानपाठक किशोर शर्मा ने कहा कि प्रारंभिक अंकसूची में त्रुटिवश योग गलत हो गया था। बाद में जांच के दौरान मिलान कर त्रुटि सुधार कर संशोधित अंकसूची भेजी गई है। इधर महिला एवं बाल विकास विभाग छुईखदान के परियोजना अधिकारी सुनील बंजारे ने बताया कि दावा-आपत्ति के बाद अंकसूची को संबंधित विभाग को जांच हेतु भेजा गया था जहां त्रुटि की पुष्टि हुई है। उन्होंने कहा कि जांच रिपोर्ट को समिति के समक्ष प्रस्तुत किया जाएगा जिसके आधार पर आगे की कार्रवाई तय होगी। फिलहाल यह मामला प्रशासनिक पारदर्शिता शिक्षा व्यवस्था की विश्वसनीयता और भर्ती प्रक्रियाओं की निष्पक्षता पर बड़ा सवाल खड़ा कर रहा है। अब सभी की नजर जांच समिति की आगामी कार्रवाई पर टिकी है।
नोट : यह फोटो एआई के माध्यम से तैयार किया गया है। इसे केवल जानकारी एवं जनहित के उद्देश्य से प्रकाशित किया गया है।
पाठकों को सूचित किया जाता है कि क्रांतिकारी न्यूज़ पोर्टल पर किसी भी प्रकार के भ्रामक, प्रायोजित अथवा भुगतान आधारित विज्ञापन प्रकाशित नहीं किए जाते। हमारा उद्देश्य निष्पक्ष, तथ्यपूर्ण एवं जनहित की खबरों को प्राथमिकता देना है।

