रायपुर।सोन कुमार सिन्हा - नीट परीक्षा, विपक्षी प्रदर्शनों और हालिया राजनीतिक घटनाक्रम को लेकर छत्तीसगढ़ स्टेट वेयर हाउसिंग कॉरपोरेशन के अध्यक्ष चंदूलाल साहू ने विपक्ष पर तीखा हमला बोला। उन्होंने आरोप लगाया कि नीट पेपर लीक के मुद्दे को आधार बनाकर कुछ विपक्षी दल देश में अस्थिरता का माहौल बनाने की कोशिश कर रहे हैं। साहू ने कहा कि नीट की पुनर्परीक्षा में करीब 20 लाख विद्यार्थी शामिल हुए और 11.60 लाख छात्र-छात्राओं ने सफलता हासिल की। उन्होंने सवाल उठाया कि जब सभी अभ्यर्थियों को दोबारा परीक्षा का अवसर मिल चुका है, तो दिल्ली में प्रदर्शन किसके इशारे पर हो रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि कुछ विपक्षी दल विदेशी ताकतों के इशारे पर श्रीलंका, बांग्लादेश और नेपाल जैसे हालात भारत में पैदा करने का प्रयास कर रहे हैं। उनका दावा है कि 20 जुलाई को संसद मार्च के दौरान भीड़ को उकसाकर देश में अराजकता फैलाने की कोशिश की गई, जिसे सुरक्षा बलों ने विफल कर दिया. चंदूलाल साहू ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी और आम आदमी पार्टी के संयोजक अरविंद केजरीवाल पर भी निशाना साधते हुए कहा कि जो दल आज शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग कर रहे हैं, उन्होंने अपने शासनकाल में हुए कथित पेपर लीक मामलों और अन्य विवादों पर कभी नैतिक जिम्मेदारी नहीं ली। उन्होंने राजस्थान में हुए कथित पेपर लीक मामलों, पंजाब में फार्मेसी ऑफिसर परीक्षा लीक और प्रदर्शनकारियों पर पुलिस कार्रवाई का भी उल्लेख करते हुए विपक्ष पर "दोहरा रवैया" अपनाने का आरोप लगाया।साहू ने कहा कि सोशल मीडिया पर प्रदर्शन से जुड़े अधूरे वीडियो साझा कर लोगों को भड़काने का प्रयास किया जा रहा है, जबकि पुलिस और सुरक्षा बलों ने कानून-व्यवस्था बनाए रखने और संवेदनशील संस्थानों की सुरक्षा के लिए कार्रवाई की। अंत में उन्होंने देशवासियों से अपील की कि वे किसी भी भ्रामक प्रचार से बचें, तथ्यों के आधार पर अपनी राय बनाएं और लोकतांत्रिक व्यवस्था तथा देश की एकता बनाए रखने में सहयोग करें।
Loading...

