खैरागढ़ । आदिम जाति एवं अनुसूचित जाति विकास विभाग के प्रभारी आयुक्त संजय गौड़ ने खैरागढ़–छुईखदान–गंडई जिले में विभागीय छात्रावासों/आश्रमों एवं पीएम जनमन योजना के अंतर्गत संचालित दीर्घकालिक गतिविधियों का आकस्मिक निरीक्षण किया. निरीक्षण के दौरान विकासखंड छुईखदान के ग्राम तुम्हड़ादाह (सिंगारपुर) में पीएम जनमन योजनांतर्गत नवनिर्मित बहुउद्देशीय केंद्र का अवलोकन किया गया। यहां संचालित आंगनबाड़ी केंद्र में बच्चों को दिए जा रहे पौष्टिक आहार, खेलकूद सामग्री एवं शिक्षण गतिविधियों की जानकारी ली गई. स्वास्थ्य केंद्र के निरीक्षण के दौरान प्रभारी आयुक्त ने बच्चों एवं गर्भवती महिलाओं के नियमित स्वास्थ्य परीक्षण एवं टीकाकरण सुनिश्चित करने के निर्देश स्वास्थ्य विभाग की टीम एवं मितानिनों को दिए. साथ ही महिलाओं के आर्थिक सशक्तिकरण को बढ़ावा देने के उद्देश्य से सिलाई मशीन प्रशिक्षण तथा दोना-पत्तल उद्योग स्थापित करने हेतु महिला समूहों को प्रोत्साहित किया गया. बकरकट्टा क्षेत्र में मोबाइल मेडिकल यूनिट (एमएमयू) की डॉक्टरों की टीम से विशेष पिछड़ी जनजाति (पीवीटीजी) बसाहटों में दी जा रही स्वास्थ्य सेवाओं की जानकारी प्राप्त की गई. इसके पश्चात प्री-मैट्रिक आदिवासी बालक छात्रावास, समुंदपानी का निरीक्षण कर विद्यार्थियों से संवाद किया गया। छात्रों से छात्रावास की सुविधाओं, खेलकूद सामग्री एवं परीक्षा तैयारी से संबंधित व्यवस्थाओं पर चर्चा की गई. निरीक्षण के दौरान क्षेत्र संयोजक बोधन जोशी उपस्थित रहे. प्रभारी आयुक्त ने अधिकारियों को योजनाओं का लाभ पात्र हितग्राहियों तक प्रभावी रूप से पहुंचाने एवं गुणवत्तापूर्ण क्रियान्वयन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए.
Loading...

