
खैरागढ़। स्वास्थ्य विभाग के कर्मचारियों ने वर्षों से लंबित मांगों को लेकर एक बार फिर सरकार के खिलाफ आर-पार की लड़ाई का ऐलान कर दिया है। प्रांतीय महासमिति के आह्वान पर बुधवार को खैरागढ़-छुईखदान-गंडई जिले के स्वास्थ्य कर्मचारियों ने मुख्यमंत्री, स्वास्थ्य मंत्री और स्वास्थ्य विभाग के सचिव के नाम कलेक्टर के माध्यम से ज्ञापन सौंपते हुए स्पष्ट चेतावनी दी कि यदि मांगों पर जल्द ठोस निर्णय नहीं लिया गया तो पूरे प्रदेश में व्यापक आंदोलन छेड़ा जाएगा, जिसकी पूरी जिम्मेदारी शासन-प्रशासन की होगी। कर्मचारियों का आरोप है कि पुनरीक्षित वेतनमान का प्रस्ताव स्वास्थ्य विभाग द्वारा वर्षों पहले शासन को भेजा जा चुका है, लेकिन अब तक उस पर कोई निर्णय नहीं लिया गया। वर्ष 2023 में भी इन्हीं मांगों को लेकर कर्मचारियों ने अनिश्चितकालीन कामबंद आंदोलन किया था, जिसे शासन के लिखित आश्वासन के बाद स्थगित किया गया था। कर्मचारियों का कहना है कि सरकार ने आज तक अपना वादा पूरा नहीं किया, जिससे प्रदेशभर के स्वास्थ्य कर्मचारियों में भारी नाराजगी है। ज्ञापन में कर्मचारियों ने एक पाली में ओपीडी संचालन, आधार आधारित उपस्थिति प्रणाली की समीक्षा, पदनाम परिवर्तन, रेडिएशन एवं जोखिम भत्ता, स्वास्थ्य संस्थानों में आवास सुविधा, समय पर पदोन्नति, समयमान वेतनमान, संविदा कर्मचारियों को सीधी भर्ती में 50 प्रतिशत आरक्षण तथा "समान कार्य के लिए समान वेतन" की नीति लागू करने जैसी प्रमुख मांगें उठाईं। स्वास्थ्य कर्मचारियों ने विभाग में एचएलएल कंपनी को लैब संचालन सौंपने तथा अमृत फार्मेसी शुरू करने की प्रक्रिया का भी कड़ा विरोध किया। उनका कहना है कि इससे सरकारी स्वास्थ्य सेवाओं में निजीकरण, ठेका प्रथा और आउटसोर्सिंग को बढ़ावा मिलेगा, नियमित कर्मचारियों का भविष्य असुरक्षित होगा तथा आम जनता को मिलने वाली सरकारी स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता भी प्रभावित हो सकती है। प्रांतीय महासमिति की 12 जुलाई 2026 को हुई बैठक में लिए गए निर्णय के अनुसार 22 जुलाई को दोपहर 2 से 3 बजे के बीच प्रदेश के सभी जिलों में मुख्यमंत्री के नाम कलेक्टरों को ज्ञापन सौंपा गया। कर्मचारियों ने दोहराया कि यदि सरकार ने जल्द सकारात्मक निर्णय नहीं लिया तो प्रदेशव्यापी आंदोलन की रूपरेखा लागू कर दी जाएगी।
ज्ञापन सौंपने के दौरान प्रमुख रूप से उपस्थित रहे
जिलाध्यक्ष हंसा राम वर्मा, प्रांतीय सचिव के.पी. साहू, दुर्गेशनंदिनी श्रीवास्तव, हरिओम शर्मा, संभागीय उपाध्यक्ष कमलेश साहू, संभागीय सचिव शेफाली सिंह, जिलासचिव सुरेश मंडावी, जिला महामंत्री विनोद रावटे, रितेश सिंह, किरण वर्मा, संध्या वर्मा, श्रद्धा वैष्णव, पूर्णिमा चंदेल, सुरेश नेताम, सुशील वर्मा, धनेश्वरी साहू, धनेश्वरी कुम्भकार, आयुर्वेद अध्यक्ष राजेश जंगड़े, जीवनदीप समिति अध्यक्ष नेहरू जंघेल, प्रीति रजक सहित बड़ी संख्या में स्वास्थ्य कर्मचारी मौजूद रहे।

