खैरागढ़ । थाना गातापार क्षेत्र के ग्राम मुढीपार में बैंक से निकाले गए ₹50 हजार की चोरी के मामले में केसीजी पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी के कब्जे से ₹48,500 नगद, जमीन के दस्तावेज, पासबुक, किसान क्रेडिट कार्ड सहित घटना में प्रयुक्त मोटर सायकल और मोबाइल फोन भी बरामद किया गया है. पुलिस के मुताबिक, 14 मई 2026 को प्रार्थी मोरध्वज वर्मा ने जिला सहकारी केंद्रीय बैंक मुढीपार से ₹50 हजार नगद निकाले थे. उन्होंने रकम, जमीन के दस्तावेज, पासबुक और किसान क्रेडिट कार्ड को अपनी टीव्हीएस लुना की डिक्की में रखा था. इसी दौरान शासकीय शराब दुकान मुढीपार के सामने अज्ञात चोर ने डिक्की से सामान पार कर दिया. मामले की रिपोर्ट पर थाना गातापार में अपराध दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू की. तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिर की सूचना के आधार पर पुलिस ने संदेही हितेष निषाद 25 वर्ष निवासी मुढीपार को हिरासत में लेकर पूछताछ की जहां आरोपी ने चोरी की वारदात कबूल कर ली. आरोपी के मेमोरेंडम कथन के आधार पर पुलिस ने उसके कब्जे से ₹48,500 नगद, 2 जमीन के पर्चे, पासबुक और 2 किसान क्रेडिट कार्ड बरामद किए. साथ ही घटना में इस्तेमाल मोटर सायकल CG 04 KS 3720 और रियलमी कंपनी का मोबाइल फोन भी जब्त किया गया. पुलिस ने आरोपी के खिलाफ पर्याप्त साक्ष्य मिलने पर 19 मई 2026 को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया.
Loading...

