डोंगरगढ़। सोन कुमार सिन्हा - से लगभग 4 किलोमीटर दूर पुराने अछोली–धुसेरा मार्ग पर स्थित आम बगीचे के पास एक अज्ञात महिला का शव मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। प्रथम दृष्टया मामला हत्या का प्रतीत हो रहा है। मिली जानकारी के अनुसार महिला की पहचान छिपाने के उद्देश्य से उसका सिर बुरी तरह कुचला गया है। सुबह टहलने निकले स्थानीय लोगों ने शव देख तत्काल पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही डोंगरगढ़ थाना पुलिस मौके पर पहुंची और क्षेत्र को घेरकर जांच शुरू कर दी। पुलिस ने शव को पंचनामा कार्रवाई के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मृतका की शिनाख्त के प्रयास जारी हैं। मामले की गंभीरता को देखते हुए फॉरेंसिक टीम को भी मौके पर बुलाया गया है, जो साक्ष्य एकत्र कर जांच में जुटी है। घटना के बाद आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों में दहशत का माहौल है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों और संदिग्ध गतिविधियों की भी जांच कर रही है।डोंगरगढ़ थाना प्रभारी ने बताया कि सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच की जा रही है और जल्द ही मामले का खुलासा किया जाएगा।
Loading...

