डोंगरगढ़ | सोन कुमार सिन्हा - वीरांगना झांसी की रानी लक्ष्मीबाई के छठे वंशज और प्रख्यात फूड साइंटिस्ट व अंतरराष्ट्रीय वक्ता वैभव सठे हाल ही में छत्तीसगढ़ प्रवास पर रहे। इस दौरान उन्होंने राज्य के विभिन्न शहरों में आयोजित कार्यशालाओं में मुख्य वक्ता के रूप में सहभागिता की और भारतीय सनातन भोजन परंपरा पर अपने विचार साझा किए। इसी क्रम में गुरुवार को श्री सठे ने छत्तीसगढ़ के यशस्वी मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय से सौजन्य मुलाकात की। बैठक के दौरान उन्होंने भारत की सनातन भोजन प्रणाली, रामचरितमानस आधारित आहार सिद्धांत, मर्म चिकित्सा तथा स्वस्थ जीवनशैली पर विस्तार से चर्चा की। साथ ही राज्य में सीता रसोई कार्यक्रम के आयोजन को लेकर भी विचार-विमर्श हुआ। मुख्यमंत्री श्री साय ने भारतीय संस्कृति पर आधारित इस नवाचार की सराहना करते हुए कहा कि पारंपरिक ज्ञान को आधुनिक जीवनशैली से जोड़ना समाज के लिए अत्यंत उपयोगी सिद्ध हो सकता है। वैभव सठे एक प्रसिद्ध फूड साइंटिस्ट एवं अंतरराष्ट्रीय वक्ता हैं। उन्होंने रामचरितमानस आधारित आहार प्रणाली पर गहन शोध किया है, जो भारतीय संस्कृति और आयुर्वेदिक सिद्धांतों पर आधारित एक अनोखी एवं स्वास्थ्यवर्धक भोजन पद्धति है। इस आहार प्रणाली में मिलेट्स, फल, सब्ज़ियां और दालों जैसे पौष्टिक खाद्य पदार्थों को प्रमुखता दी जाती है, वहीं प्रोसेस्ड फूड और अत्यधिक शुगर के सेवन से बचने की सलाह दी जाती है। उनके इस कार्य को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर व्यापक सराहना मिली है और वे कई देशों में इस विषय पर व्याख्यान दे चुके हैं।
Loading...

