खैरागढ़। रूख्खड़नाथ स्वामी जी मंदिर परिसर में आयोजित प्रेस वार्ता में ट्रस्ट अध्यक्ष रामकुमार सिंह एवं उपाध्यक्ष भागवत शरण सिंह ने बताया कि प्राचीन दक्षिणमुखी हनुमान जी एवं तपस्वी संत श्री रूख्खड़नाथ स्वामी जी की पावन तपोभूमि पर 7वां श्री रूख्खड़ स्वामी महोत्सव–2026 का आयोजन 10 फरवरी से 16 फरवरी तक श्री रूख्खड़ स्वामी मंदिर परिसर, खैरागढ़ में किया जाएगा। इस दौरान विश्व में एकमात्र भस्म विराजित शिवपीठ पर विविध वैदिक अनुष्ठान संपन्न होंगे। महोत्सव का आयोजन मंगलमूर्ति धाम पीठाधीश्वर महामंडलेश्वर कान्हा जी महाराज एवं देवा जी महाराज के पावन मार्गदर्शन तथा विद्वान आचार्यों के सानिध्य में होगा। आयोजन समिति के अनुसार प्रमुख आकर्षणों में 5 दिवसीय सपाद लक्ष महा मृत्युंजय यज्ञ, दिव्य महारुद्राभिषेक एवं भव्य हनुमंत महाभिषेक शामिल हैं। 10 फरवरी को सुबह 10 बजे कलश यात्रा, 11 बजे लोकार्पण तथा खैरा से खैरागढ़ तक विशाल बाइक रैली निकाली जाएगी। इसी दिन ध्वज पूजन, भूमिपूजन, वेदी स्थापना, गौ पूजन तथा शाम 5 बजे हनुमंत अभिषेक एवं हनुमान चालीसा पाठ होगा।11 फरवरी को रुद्राभिषेक, यज्ञारंभ, ब्रह्मकुमारी बहनों द्वारा राजयोग ध्यान व व्याख्यान, भजन संध्या एवं सेवा सम्मान कार्यक्रम आयोजित होगा।12 फरवरी को संस्कार एवं नशामुक्ति पर व्याख्यान, गायत्री परिवार का सत्र तथा उज्जैन से आए कलाकारों की भजन संध्या होगी।
13 फरवरी (विजया एकादशी) को गीता सार प्रवचन, नाम संकीर्तन एवं विप्र सम्मान किया जाएगा। 14 फरवरी को पार्थिव शिवलिंग एवं गण निर्माण, नाम संकीर्तन एवं धर्मध्वज वाहक सम्मान होगा। 15 फरवरी (महाशिवरात्रि) को द्वादश ज्योतिर्लिंग पूजन, दिव्य महारुद्राभिषेक तथा सुबह 4 बजे से अगले दिन सुबह 4 बजे तक प्रहर पूजा संपन्न होगी। इसी दिन शाम 5 बजे भव्य शोभायात्रा वीरेश्वर महादेव मंदिर से प्रारंभ होकर रूख्खड़ स्वामी मंदिर होते हुए नगर भ्रमण करेगी। 16 फरवरी को हवन, पूर्णाहुति, विशाल भोग-राग एवं महाप्रसादी वितरण के साथ महोत्सव का समापन होगा। आयोजन के तहत 13 और 14 फरवरी को निशुल्क दिव्य दरबार भी लगेगा, जिसमें कान्हा जी महाराज उपस्थित रहेंगे। प्रेस वार्ता में लाल सागर सिंह, बाबुल सिंह, उत्तम दशरिया सहित अन्य समिति सदस्य मौजूद रहे।

