खैरागढ़। वस्त्रदान समिति, छत्तीसगढ़ के प्रदेश संयोजक डॉ. अविनाश तिवारी के मार्गदर्शन में जिला वस्त्रदान समिति खैरागढ़–छुईखदान–गंडई द्वारा जरूरतमंद परिवारों को वस्त्र उपलब्ध कराने का सेवा कार्य निरंतर किया जा रहा है। अभियान के द्वितीय चरण के अंतर्गत रविवार 18 जनवरी को बकरकट्टा वनांचल क्षेत्र के ग्राम खाम्ही एवं हाथीझोला में वस्त्र वितरण किया गया।

इस सेवा अभियान के माध्यम से बैगा बहुल वनांचल क्षेत्र के अभावग्रस्त एवं स्वाभिमानी परिवारों को सहायता प्रदान की गई। कार्यक्रम में लगभग 205 नए कंबल, वस्त्र एवं प्रत्येक महिला को नई साड़ियाँ वितरित की गईं। इसके अतिरिक्त बच्चों एवं सभी वर्गों के लिए गर्म कपड़े और दैनिक उपयोग के वस्त्र भी दिए गए। इस पहल से करीब 150 परिवारों को सीधा लाभ मिला। वस्त्र वितरण के दौरान ग्रामवासियों ने समिति के इस सेवा कार्य की सराहना करते हुए अभियान को निरंतर जारी रखने की अपील की तथा दानदाताओं एवं समिति सदस्यों को आशीर्वाद प्रदान किया। यह जनसहयोग से संचालित सेवा अभियान दानदाता परिवारों और समिति के समर्पित कार्यकर्ताओं के संयुक्त प्रयास का परिणाम है, जो सामग्री को अंतिम हितग्राही तक पहुंचाने का कार्य निःस्वार्थ भाव से कर रहे हैं। इस अवसर पर जिला वस्त्रदान समिति के सक्रिय सदस्य रूपेश कुमार देवांगन, गोविन्द सोनी, जहीन खान, वंदना दांडेकर, नीलम सिंह राजपूत, आमीन खान, उत्तम बागड़े, शमशूल होदा खान, दिनेश टांडेकर, रूपेंद्र रजक, राजू यदु, राजूदास मानिकपुरी, संजीव धुर्वे, दादू चंद्राकर, सीमा खान एवं शिल्पी विश्वास सहित अन्य सदस्य उपस्थित रहे।

