डोंगरगढ़। छत्तीसगढ़ के प्रसिद्ध शक्तिपीठ मां बमलेश्वरी देवी मंदिर में आज वीरांगना झांसी की रानी लक्ष्मीबाई के छठे वंशज एवं इंदौर निवासी वैभव सठे ने पहुंचकर विधिवत पूजा-अर्चना की। उन्होंने देवी दर्शन कर देश-प्रदेश की सुख-समृद्धि एवं खुशहाली की कामना की। दर्शन उपरांत मां बमलेश्वरी मंदिर ट्रस्ट समिति, डोंगरगढ़ के वरिष्ठ ट्रस्टी बबलू शांडिल्य ने ऊपर मंदिर कार्यालय में वैभव सठे को माता जी का चित्र भेंट कर सम्मानित किया। इस अवसर पर ट्रस्टी संजीव गोमस्ता भी उपस्थित रहे। मंदिर ट्रस्ट समिति के वरिष्ठ ट्रस्टियों ने कहा कि वीरांगना झांसी की रानी लक्ष्मीबाई जैसे ऐतिहासिक एवं गौरवशाली परिवार के छठे वंशज का डोंगरगढ़ आगमन नगर के लिए गर्व का विषय है। छत्तीसगढ़ जर्नलिस्ट यूनियन के प्रदेश उपाध्यक्ष सोन कुमार सिन्हा ने वैभव सठे का स्वागत करते हुए कहा कि ऐसे महान व्यक्तित्व से संवाद का अवसर मिलना शहरवासियों के लिए गौरवपूर्ण क्षण है। मीडिया से चर्चा के दौरान वैभव सठे ने मां बमलेश्वरी मंदिर ट्रस्ट की धार्मिक व्यवस्थाओं की सराहना करते हुए कहा कि ट्रस्ट द्वारा उन्हें जो सम्मान प्रदान किया गया है, उसके लिए वे आभारी हैं। वैभव सठे एक प्रसिद्ध फूड साइंटिस्ट एवं अंतरराष्ट्रीय वक्ता हैं। उन्होंने रामचरितमानस आधारित आहार प्रणाली पर शोध कार्य किया है, जो भारतीय संस्कृति, आयुर्वेद और प्राकृतिक जीवनशैली पर आधारित एक अनूठा एवं स्वास्थ्यवर्धक दृष्टिकोण प्रस्तुत करता है। इस आहार प्रणाली में मिलेट्स, फल, सब्जियां एवं दालों जैसे पौष्टिक खाद्य पदार्थों को प्रमुखता दी गई है, जबकि प्रोसेस्ड फूड और शुगर से परहेज करने की सलाह दी जाती है। वैभव सठे के कार्य को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर सराहना मिली है और वे कई देशों में इस विषय पर व्याख्यान दे चुके हैं। आज वैभव सठे डोंगरगढ़ के एक निजी होटल में जीवन से जुड़े महत्वपूर्ण विषयों पर व्याख्यान देने पहुंचे थे। इस कार्यक्रम में नगर के प्रतिष्ठित नागरिकों के साथ-साथ किसान परिवारों के सदस्य भी बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। उन्हें सुनने लोग दूर-दूर से पहुंचे। कार्यक्रम में आयोजन समिति की ओर से युवराज निर्मलकर, जितेंद्र ठाकुर, यशवंत साहू, अवध साहू, टोपेंद्र साहू, विकास बंजारी, सोमेंद्र साहू, देवकलाल साहू, रविंद्र तारा ऊके सहित बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक मौजूद रहे।
Loading...

