छुईखदान। अंकित महोबिया - कुछ वर्ष पहले जिस व्यक्ति को स्वयं जरूरत के समय रक्त के लिए दर-दर भटकना पड़ा था वही आज सैकड़ों जरूरतमंद मरीजों के लिए रक्त की व्यवस्था कर रहा है. यह प्रेरक कहानी है छुईखदान निवासी युवा ग्रुप संस्था के अध्यक्ष शरद वैष्णव की, जो बीते छह वर्षों से लगातार रक्तदान और सामाजिक सेवा के क्षेत्र में सक्रिय हैं. शरद वैष्णव के नेतृत्व में युवा ग्रुप संस्था द्वारा निरंतर रक्तदान शिविरों का आयोजन किया जा रहा है जिससे क्षेत्र के मरीजों को समय पर रक्त उपलब्ध हो सके. संस्था ने रक्तदान के प्रति जागरूकता फैलाने के लिए स्कूलों और कॉलेजों में विशेष अभियान चलाए जहां ग्रामीण अंचलों के युवाओं को रक्तदान के महत्व से जोड़ा गया. आज संस्था से 250 से अधिक युवा सदस्य जुड़े हुए हैं जो न केवल रक्तदान करते हैं बल्कि अन्य युवाओं को भी इसके लिए प्रेरित कर रहे हैं. इन्हीं युवाओं के सहयोग से क्षेत्र में लगातार रक्तदान शिविर आयोजित हो रहे हैं. साथ ही, रक्तदान जागरूकता रैलियों के माध्यम से स्कूल-कॉलेज के विद्यार्थियों को भी इस अभियान से जोड़ा जा रहा है. संस्था द्वारा चलाए जा रहे सदस्यता अभियान के तहत ग्रामीण और शहरी क्षेत्र के युवा लगातार जुड़ रहे हैं, जिससे भविष्य में किसी भी जरूरतमंद मरीज को रक्त की कमी का सामना न करना पड़े. इस उल्लेखनीय और जीवनरक्षक सेवा को देखते हुए शरद वैष्णव को जनप्रतिनिधियों, स्वास्थ्य विभाग, ब्लड बैंक राजनांदगांव एवं छुईखदान द्वारा सम्मानित भी किया जा चुका है. रक्तदान के साथ-साथ शरद वैष्णव अन्य सामाजिक गतिविधियों में भी सक्रिय भूमिका निभा रहे हैं.
Loading...

