छुईखदान। अंकित महोबिया - पिछले वर्ष छुईखदान नगर में जलस्तर नीचे चले जाने के कारण पेयजल की गंभीर समस्या उत्पन्न हो गई थी। नगरवासियों को पानी के लिए इधर-उधर भटकना पड़ता था और टैंकरों के माध्यम से अस्थायी रूप से जलापूर्ति कराई जा रही थी। नगरवासियों की इस समस्या को ध्यान में रखते हुए तथा आगामी ग्रीष्म ऋतु में संभावित जल संकट से निपटने के उद्देश्य से नगर पंचायत अध्यक्ष नम्रता गिरिराज किशोर वैष्णव द्वारा नगर के विभिन्न वार्डों में बोर उत्खनन का कार्य कराया जा रहा है. इसी क्रम में गुरुवार को वार्ड क्रमांक 15 में कुंभकार भवन क्रमांक-1 के अंतर्गत बांस डिपो के पास बोर उत्खनन किया गया। शुक्रवार को वार्ड क्रमांक 3 में जगन्नाथ मंदिर परिसर एवं वार्ड क्रमांक 2 में आरा मशीन के पास बोर खनन कराया गया। शनिवार को वार्ड क्रमांक 9 में हनुमान मंदिर के पास तथा वार्ड क्रमांक 4 में शिक्षक गणेश महोबिया के घर के सामने बोर उत्खनन किया गया। वहीं रविवार को बाजार लाइन स्थित छोटे मंगल भवन के पीछे बिहारी भट्ट के घर के सामने बोर उत्खनन कराया गया। बोर उत्खनन कार्य के दौरान भूमि पूजन कार्यक्रम भी संपन्न हुआ, जिसमें संबंधित वार्डों के नागरिक उपस्थित रहे। नगर पंचायत द्वारा किए जा रहे इस प्रयास से आने वाले समय में नगरवासियों को पेयजल संकट से राहत मिलने की उम्मीद है।
Loading...

