खैरागढ़. मुख्यमंत्री विष्णु देव साय की स्वीकृति के बाद खैरागढ़ में प्रस्तावित साहू समाज के जिला स्तरीय आयोजन को लेकर तैयारियां तेज हो गई हैं। जिला साहू संघ खैरागढ़–छुईखदान–गंडई के तत्वावधान में 14 फरवरी 2026 को आयोजित होने वाले भक्त माता राजिम महोत्सव, संत माता कर्मा एवं माता राजिम मंदिर निर्माण भूमि पूजन तथा नवनिर्वाचित पदाधिकारियों के शपथ ग्रहण सम्मान समारोह को लेकर समाज में खासा उत्साह देखा जा रहा है। मुख्यमंत्री की उपस्थिति से आयोजन को ऐतिहासिक स्वरूप मिलने की उम्मीद है।जिला साहू समाज द्वारा शुक्रवार दोपहर रेस्ट हाउस में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में जिला साहू समाज के संरक्षक बिसेसर साहू, जिला अध्यक्ष टीलेश्वर साहू, मनोहर साहू, सुरेश साहू ने कार्यक्रम की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री से समय प्राप्त करने के लिए लगातार प्रयास किए गए, जिनमें जनप्रतिनिधियों का भी सहयोग रहा। अंततः 14 फरवरी को मुख्यमंत्री की सहमति मिलना समाज के लिए बड़ी उपलब्धि है। उन्होंने कहा कि यह आयोजन सामाजिक एकता और सांस्कृतिक चेतना को मजबूत करने वाला सिद्ध होगा। कार्यक्रम कृष्णकुंज मां कर्मा धाम, ग्राम अकरजन, सिविल लाइन रोड, खैरागढ़ में आयोजित होगा, जहां सुबह मंदिर निर्माण का भूमि पूजन, हवन-यज्ञ, महाआरती एवं प्रसादी वितरण के साथ भोजन भंडारे का आयोजन किया जाएगा। इसके पश्चात जिले की सभी इकाइयों के नवनिर्वाचित पदाधिकारियों का शपथ ग्रहण समारोह संपन्न होगा। आयोजन में प्रदेश एवं जिले के वरिष्ठ जनप्रतिनिधियों, सामाजिक पदाधिकारियों एवं गणमान्य नागरिकों की उपस्थिति रहेगी। मुख्य अतिथि के रूप में मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के साथ केंद्रीय राज्यमंत्री तोखन साहू, उपमुख्यमंत्री अरुण साव, प्रभारी मंत्री लखन लाल देवांगन, सांसद संतोष पांडे, विधायक रायपुर ग्रामीण मोती लाल साहू सहित कई विशिष्ट अतिथि कार्यक्रम में शामिल होंगे। अध्यक्षता प्रदेश साहू संघ के अध्यक्ष डॉ. निरेन्द्र साहू करेंगे। वहीं सांस्कृतिक कार्यक्रमों में छत्तीसगढ़ के ख्यातनाम लोक कलाकार अपनी प्रस्तुतियां देंगे। जिला अध्यक्ष टीलेश्वर साहू ने बताया कि आयोजन को सफल बनाने के लिए समाज की सभी तहसील, परिक्षेत्रीय एवं ग्राम इकाइयां सक्रिय रूप से जुटी हुई हैं। उन्होंने समाज के सभी सदस्यों से अधिक से अधिक संख्या में कार्यक्रम में शामिल होकर सामाजिक समागम और एकता का संदेश देने की अपील की।
Loading...

