खैरागढ़। जिले में अपराधों पर प्रभावी अंकुश लगाने और संदिग्ध गतिविधियों पर कड़ी निगरानी रखने के उद्देश्य से खैरागढ़-छुईखदान-गंडई (KCG) पुलिस ने 'समाधान ऐप' के माध्यम से जिलेभर में किराएदार सत्यापन अभियान शुरू किया है। सप्ताहभर चलने वाले इस विशेष अभियान के तहत सभी मकान मालिकों, दुकान संचालकों और संस्थानों से अपने यहां रहने वाले किराएदारों एवं बाहरी व्यक्तियों की जानकारी अनिवार्य रूप से समाधान ऐप पर दर्ज कराने की अपील की गई है। पुलिस का कहना है कि बिना सत्यापन के रह रहे किराएदार और बाहरी लोग कई बार आपराधिक घटनाओं में शामिल पाए जाते हैं। ऐसे में समय पर सत्यापन होने से चोरी, लूट, धोखाधड़ी और अन्य अपराधों की रोकथाम में मदद मिलेगी तथा संदिग्ध व्यक्तियों की पहचान करना आसान होगा। एसपी लक्ष्य शर्मा ने कहा कि सुरक्षित और अपराधमुक्त समाज के निर्माण में आम नागरिकों की भूमिका बेहद महत्वपूर्ण है। बाहर से आने वाले लोगों की सही जानकारी पुलिस के पास होने से किसी भी संदिग्ध गतिविधि पर समय रहते कार्रवाई की जा सकेगी। उन्होंने सभी मकान मालिकों से समाधान ऐप के माध्यम से अपने किराएदारों का सत्यापन जल्द से जल्द कराने की अपील की है।
बाहरी फेरीवालों और घूम-घूमकर सामान बेचने वालों पर भी रहेगी नजर
जिला पुलिस ने नागरिकों से यह भी अनुरोध किया है कि बाहर से आकर फेरी लगाकर सामान बेचने वाले, अस्थायी रूप से किराए पर रहकर व्यवसाय करने वाले या अन्य बाहरी व्यक्तियों की जानकारी भी पुलिस को दें। पुलिस के अनुसार पहचान और सत्यापन के अभाव में कई बार ऐसे लोगों की आड़ में आपराधिक गतिविधियां सामने आती हैं। इसलिए किसी भी संदिग्ध व्यक्ति या गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को देने की अपील की गई है। सुरक्षित समाज के निर्माण में पुलिस का सहयोग करें। अपने किराएदारों और बाहरी व्यक्तियों का सत्यापन कराएं, सतर्क रहें और संदिग्ध गतिविधियों की सूचना तुरंत पुलिस को दें।

