खैरागढ़। अंकित महोबिया - कभी सांस्कृतिक पहचान और जागरूक नागरिकों के लिए जाना जाने वाला खैरागढ़ इन दिनों घने अंधेरे और बढ़ती दुर्घटनाओं की आशंकाओं से घिरा हुआ है. शहर के प्रमुख मार्गों से लेकर वार्डों की गलियों तक स्ट्रीट लाइटें बंद पड़ी हैं, जिससे रात्रि के समय आवागमन जोखिम भरा हो गया है. बीते दो महीनों में लगातार हुई सड़क दुर्घटनाओं और असमय मौतों ने आमजन में भय और आक्रोश दोनों पैदा कर दिया है. अंधकार में डूबे इस शहर की पीड़ा को स्वर देने के लिए शहर कांग्रेस कमेटी ने गुरुवार शाम कैंडल मार्च निकालकर विरोध दर्ज कराया. शहर कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष अरुण भारद्वाज के नेतृत्व में सिविल लाइन स्थित पूर्व सांसद एवं पूर्व विधायक स्वर्गीय देवव्रत सिंह की प्रतिमा पर दीप प्रज्वलित कर उन्हें स्मरण किया गया. इसके बाद चौक से कैंडल मार्च निकालते हुए कार्यकर्ता कलेक्ट्रेट कार्यालय के सामने स्थित छत्तीसगढ़ महतारी की प्रतिमा तक पहुंचे. यहां नगर के 20 वार्डों में व्याप्त अंधेरे के प्रतीक स्वरूप 20 मोमबत्तियां जलाकर सांकेतिक विरोध प्रकट किया गया.
20 वार्ड अंधेरे में, जिम्मेदार कौन?
अरुण भारद्वाज ने आरोप लगाया कि नगर के सभी 20 वार्डों सहित स्टेट हाईवे पर भी स्ट्रीट लाइट व्यवस्था पूरी तरह चरमरा गई है. रात के समय महिलाएं, बुजुर्ग और आम नागरिक खुद को असुरक्षित महसूस कर रहे हैं. उन्होंने कहा कि लगातार हो रही दुर्घटनाएं और मौतें प्रशासन की उदासीनता का परिणाम हैं. नगर पालिका प्रशासन और भाजपा की नगर पालिका अध्यक्ष को सीधे तौर पर जिम्मेदार ठहराते हुए उन्होंने आरोप लगाया कि जनहित की बजाय कमीशनखोरी को प्राथमिकता दी जा रही है जबकि शहर बुनियादी सुविधाओं के अभाव में जूझ रहा है.
रैली के दौरान ही हुआ हादसा
विधायक प्रतिनिधि मनराखन देवांगन ने भी भाजपा सरकार और नगर पालिका प्रशासन पर तीखा प्रहार किया. उन्होंने बताया कि कैंडल मार्च के दौरान ही अंधेरे के कारण एक मोटरसाइकिल सवार गाय से टकरा गया और बड़ी दुर्घटना होते-होते बची. उन्होंने कहा कि यह घटना इस बात का प्रत्यक्ष प्रमाण है कि शहर की प्रकाश व्यवस्था कितनी बदहाल है. पूर्व में भी कई हादसों में लोगों की जान जा चुकी है और यदि स्थिति नहीं सुधरी तो ऐसी घटनाएं बढ़ती रहेंगी.
प्रशासन को दी चेतावनी
कांग्रेस नेताओं ने चेतावनी दी कि यदि शीघ्र ही सभी 20 वार्डों और मुख्य मार्गों पर विद्युत व्यवस्था दुरुस्त नहीं की गई तो जनता के साथ मिलकर बड़ा आंदोलन किया जाएगा. शहरवासियों ने भी मांग की है कि नगर पालिका प्रशासन तत्काल बंद पड़ी स्ट्रीट लाइटों की मरम्मत कर समुचित प्रकाश व्यवस्था सुनिश्चित करे ताकि दुर्घटनाओं पर रोक लग सके और नागरिक सुरक्षित वातावरण में आवागमन कर सकें . कैंडल मार्च में नेताप्रतिपक्ष दीपक देवांगन सहित शेखर दास वैष्णव, पूरन सारथी, रविन्द्र सिंह गहेरवार, भरत चंद्राकर, सूर्यकांत यादव, संदीप लहरे, महेश यादव, मनीष सारथी, राहुल बंजारे, विलास सारथी, सिद्धांत सिंह, राजा लहरे, हरिदर्शन डीमर, नरेश सिन्हा, विनोद सिन्हा, अजय देवांगन, जितेंद्र रजक एवं अन्य कांग्रेसी कार्यकर्ता बड़ी संख्या में उपस्थित रहे.

