खैरागढ़। थाना खैरागढ़ छेत्र में रंगों के उल्लास और भाईचारे के पर्व होली पर जहां पूरा इलाका अबीर-गुलाल में सराबोर था वहीं देवरी मोड़ के पास लगभग तीन बजे मामूली विवाद ने अचानक खूनी रूप ले लिया। खुशियों के बीच हिंसा की इस घटना ने त्योहार की रौनक को सन्नाटे में बदल दिया। प्राप्त जानकारी के अनुसार आमदानी निवासी वृंदावन यदु (38 वर्ष) अपने दोस्तों के साथ देवरी मोड़ के पास बैठा था। इसी दौरान तीन युवक नशे की हालत में वहां पहुंचे और गांव के पास गाली-गलौज करने लगे। वृंदावन और उसके साथियों ने उन्हें गांव में अभद्र भाषा का प्रयोग न करने की समझाइश दी। बस इसी बात से भड़के सरफिरे युवकों ने आक्रोश में आकर वृंदावन यदु पर चाकू से ताबड़तोड़ वार कर दिया। घटना के बाद आरोपी मौके से भागने की कोशिश कर रहे थे लेकिन साथ बैठे युवकों ने साहस दिखाते हुए एक आरोपी को तत्काल पकड़ लिया। सूचना मिलते ही पुलिस सक्रिय हुई और तत्परता दिखाते हुए सिंघारघाट के पास शेष दो युवको को भी धर दबोचा। तीनों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है. गंभीर रूप से घायल वृंदावन यदु को पहले सिविल अस्पताल खैरागढ़ में भर्ती कराया गया जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसकी नाजुक स्थिति को देखते हुए हायर सेंटर रेफर कर दिया गया है।
Loading...

