डोंगरगढ़।सोन कुमार सिन्हा- धार्मिक और सांस्कृतिक नगरी डोंगरगढ़ में पुलिस प्रशासन ने बड़ा बदलाव करते हुए भूषण चंद्राकर को नया थाना प्रभारी नियुक्त किया है। जिला पुलिस अधीक्षक अंकिता शर्मा द्वारा जारी आदेश के तहत उन्हें डोंगरगढ़ थाने की जिम्मेदारी सौंपी गई है। इससे पहले वे सुकुलदेहान क्षेत्र में अपनी सेवाएं दे रहे थे. डोंगरगढ़ जिले का अत्यंत संवेदनशील और महत्वपूर्ण थाना क्षेत्र माना जाता है। मां बम्लेश्वरी मंदिर के कारण यहां प्रतिवर्ष लाखों श्रद्धालुओं का आगमन होता है। नवरात्रि सहित विभिन्न धार्मिक आयोजनों और मेलों के दौरान सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखना पुलिस के लिए बड़ी चुनौती होती है। ऐसे में नए थाना प्रभारी के सामने कानून-व्यवस्था को मजबूत बनाए रखने के साथ-साथ श्रद्धालुओं और आम नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने की अहम जिम्मेदारी होगी। पुलिस विभाग के सूत्रों के अनुसार, क्षेत्र में अपराध नियंत्रण, अवैध गतिविधियों पर अंकुश, यातायात व्यवस्था में सुधार और जनता से सीधे संवाद स्थापित करना उनकी प्राथमिकताओं में शामिल रहेगा। जिले में पुलिस अधीक्षक अंकिता शर्मा के नेतृत्व में लगातार अपराधियों और अवैध कारोबारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जा रही है, जिसका सकारात्मक असर कानून-व्यवस्था पर दिखाई दे रहा है। स्थानीय नागरिकों और सामाजिक संगठनों ने नए थाना प्रभारी के पदभार ग्रहण करने का स्वागत किया है। लोगों को उम्मीद है कि भूषण चंद्राकर के नेतृत्व में पुलिस और जनता के बीच बेहतर तालमेल स्थापित होगा तथा अपराध नियंत्रण के साथ जनसुरक्षा को लेकर प्रभावी पहल देखने को मिलेगी।
Loading...

