खैरागढ़। महाशिवरात्रि महोत्सव के पावन अवसर पर रुख्खड़ स्वामी मंदिर परिसर में आयोजित निःशुल्क कैंसर जांच शिविर पूरे आयोजन का सबसे जनहितकारी केंद्र बनकर उभरा। BALCO मेडिकल सेंटर के सहयोग से आई अत्याधुनिक मोबाइल कैंसर स्क्रीनिंग यूनिट पहली बार खैरागढ़ पहुंची, जिससे ग्रामीण अंचल के लोगों को बड़ी राहत मिली और विशेषज्ञ जांच की सुविधा स्थानीय स्तर पर ही उपलब्ध हो सकी। विशेषज्ञों के अनुसार यह यूनिट अत्यंत उन्नत और दुर्लभ है, जिसमें स्तन कैंसर, सर्वाइकल (बच्चेदानी) कैंसर और मुख कैंसर—तीनों की स्क्रीनिंग एक ही वाहन में की जाती है। सामान्यतः ऐसी जांच के लिए मरीजों को बड़े शहरों का रुख करना पड़ता है, लेकिन इस पहल ने ग्रामीणों को उनके द्वार पर ही आधुनिक स्वास्थ्य सुविधा उपलब्ध कराई। शिविर में गांव-गांव से पहुंचे करीब 115 लोगों ने जांच का लाभ लिया। इनमें से 33 संभावित मरीजों की विशेष स्क्रीनिंग की गई, जिनमें गठान, लगातार दर्द या अन्य संदिग्ध लक्षण पाए गए थे।
उपलब्ध आंकड़ों के अनुसार 29 मरीजों की विस्तृत जांच की गई, जिनमें 7 की मेमोग्राफी और 4 के पैप स्मीयर परीक्षण किए गए। विशेषज्ञों ने बताया कि अंतिम रिपोर्ट 6 से 10 दिनों के भीतर उपलब्ध होगी, जिसके आधार पर आगे की उपचार प्रक्रिया तय की जाएगी। आयोजकों ने बताया कि खैरागढ़ में इतनी उन्नत कैंसर जांच सुविधा का यह पहला अवसर है। ग्रामीणों ने इसे “जीवन बचाने वाली पहल” बताते हुए कहा कि अब गंभीर बीमारी की जांच के लिए दूर-दराज के शहरों में भटकना नहीं पड़ेगा. चिकित्सकों ने बताया कि शिविर में उन लोगों को प्राथमिकता दी गई, जिनमें कैंसर के शुरुआती लक्षण दिखाई दे रहे थे। समय रहते जांच से बीमारी की प्रारंभिक अवस्था में पहचान संभव होती है, जिससे उपचार अधिक प्रभावी और सफल हो सकता है. महाशिवरात्रि के धार्मिक आयोजन के बीच स्वास्थ्य सेवा का यह प्रयास आस्था और जनसेवा के समन्वय का उत्कृष्ट उदाहरण बना। एक ओर जहां हजारों श्रद्धालु पूजा-अर्चना में लीन रहे, वहीं दूसरी ओर कैंसर जांच के माध्यम से समाजहित का कार्य निरंतर जारी रहा। मंदिर समिति ने चिकित्सकों, BALCO मेडिकल सेंटर, सहयोगी संस्थाओं और स्वास्थ्य विभाग के प्रति आभार व्यक्त करते हुए भविष्य में भी ऐसे जनकल्याणकारी आयोजनों की प्रतिबद्धता जताई।
Loading...

