डोंगरगढ़। सोन कुमार सिन्हा - डोंगरगढ़ विकासखंड के ग्राम कन्हारगांव जो कभी नक्सल प्रभावित क्षेत्र के रूप में पहचाना जाता था आज शिक्षा और प्रतिभा के क्षेत्र में नई पहचान बना रहा है। इस गांव के बच्चे लगातार अपनी उपलब्धियों से क्षेत्र का नाम रोशन कर रहे हैं. इसी कड़ी में ग्राम कन्हारगांव के प्राथमिक शाला में अध्ययनरत छात्र आर्यन सिन्हा (पिता – कुलेश्वर सिन्हा) का चयन जवाहर नवोदय विद्यालय, डोंगरगढ़ के लिए हुआ है। आर्यन ने नवोदय चयन परीक्षा उत्तीर्ण कर कक्षा 6वीं में प्रवेश सुनिश्चित किया है। इस सफलता से पूरे गांव, स्कूल और शिक्षकों में हर्ष का माहौल है. गौरतलब है कि इसी गांव के गंगाधर साहू का चयन पूर्व में लोकप्रिय टीवी कार्यक्रम “कौन बनेगा करोड़पति” में हुआ था, जहां उन्हें महानायक अमिताभ बच्चन के हाथों सम्मानित होने का अवसर मिला था। तब से गांव लगातार विभिन्न क्षेत्रों में अपनी पहचान बना रहा है. आर्यन की इस उपलब्धि पर गांव की पूर्व सरपंच श्रीमती सरला गंगाधर साहू, विद्यालय के प्रधानाचार्य एवं शिक्षकगण—सोमनाथ कोरे, कुलेश्वर सिन्हा, घनश्याम साहू, चमेली लरिया, आसकरन जोशी, रमला मंडावी, महेश ठाकुर, चेम सिन्हा मरकाम एवं सोनकर सर—ने बधाई देते हुए उज्ज्वल भविष्य की कामना की है। इसी तरह, शासकीय प्राथमिक शाला नवागांव (मेंढ़ा) की छात्रा किंजल देवांगन (पिता – गौकरण देवांगन) का भी चयन नवोदय विद्यालय डोंगरगढ़ के लिए हुआ है। किंजल शुरू से ही मेधावी छात्रा रही है और भविष्य में कलेक्टर बनने का सपना देख रही है। उसकी इस सफलता पर नवोदय कोच कनक राम साहू, मार्गदर्शिका श्रीमती मनु ठाकुर एवं प्रधान पाठक श्रीमती मंजरी गजभिए सहित शाला परिवार ने हर्ष व्यक्त करते हुए शुभकामनाएं दी हैं. इन दोनों बच्चों की सफलता ने यह साबित कर दिया है कि संसाधनों की कमी के बावजूद मेहनत और मार्गदर्शन से किसी भी लक्ष्य को हासिल किया जा सकता है। क्षेत्र में इन उपलब्धियों से शिक्षा के प्रति नया उत्साह देखने को मिल रहा है।
Loading...

